अंबेडकरनगर : सीएम योगी बोले, कुछ लोगों को विकास पसंद नहीं
मुख्यमंत्री ने 1 हजार 184 करोड़ रुपए की 198 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास, चिकित्सकों को वितरित किया नियुक्ति पत्र
जाति के नाम पर सत्ता में आने वाले नग्न तांडव करते हैं, जाति के नाम पर समाज को बांटते हैं, हमें ऐसे लोगों को बेनकाब करना है
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनपद के दौरे पर रहे। विधानसभा उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला दौरा है। मुख्यमंत्री ने अकबरपुर नगर के शिवबाबा धाम में पूजा-अर्चना किया। मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना बीमा के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता का कार्ड वितरित किया। उन्होंने 1 हजार 184 करोड़ रुपए की 198 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त चिकित्सकों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने शिवबाबा धाम से जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर में कृषक बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है। हमारी सरकार किसान के साथ बटाईदार, कृषि श्रमिक और किसान के परिवार को भी पांच लाख रुपए की कृषक बीमा योजना का लाभ देगी। अंबेडकरनगर को 1 हजार 184 करोड़ की योजना का लाभ देने के लिए मैं स्वंय आपके पास आया हूं। शिव बाबा धाम में विकास के कार्य हो रहे हैं। कुछ हो चुके हैं। जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज में 50 बेड का क्रिटिकल केयर सेंटर और ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। किसानों को सिंचाई की व्यवस्था मिले इसके लिए भी व्यवस्था की गई है। पुलिस भर्ती में अंबेडकरनगर के युवाओं ने भी भाग लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में अगर कोई प्रदेश की बेटी और व्यापारी के लिए खतरा पैदा करेगा तो कानून का डंडा उसको ऐसा चपेटे में लेगा, जैसा की उसने कभी सोचा भी नहीं होगा। आने वाले समय में उसकी सात पीढ़ी याद करेंगी कि कानून के साथ खिलवाड़ करने और गरीब को परेशान करने की कीमत क्या होती है। कुछ लोग हैं, जिन्हें विकास पसंद नहीं। उन्हें बस अपने परिवार का विकास सही लगता है। वह परिवार के नाम पर जाति को निशाना बनाते हैं। जाति के नाम पर सत्ता में आते हैं। फिर नग्न तांडव करते हैं। जाति के नाम पर समाज को बांटते हैं। हमें ऐसे लोगों को बेनकाब करना है। मुख्यमंत्री ने अकबरपुर बस स्टॉप का नाम बदलकर शिव बाबा धाम और टांडा बस स्टेशन का नाम बदलकर स्व. जयराम वर्मा किया है। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, एमएलसी पद्मसेन चौधरी, जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, उपस्थित रहे।
नौकरी के लिए लगती थी बोली : साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में क्या हालत थी, नौकरी के लिए बोली लगा करती थी। एक परिवार का बोल-बाला होता था, लेकिन अब योग्यता के आधार पर प्रदेश के हर नौजवान को नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 60 हजार 244 नियुक्ति पत्र पुलिस भर्ती के जारी किए हैं। जिसमें 12 हजार केवल बेटियां भर्ती हुई हैं। हमने रोजगार का रास्ता उपलब्ध करवाया है। आज विरासत और विकास का संगम हमारे प्रदेश को पहचान दे रहा है। एक गरीब को न्याय मिले, हर बेटी सुरक्षित हो, हर व्यापारी सुरक्षित हो, सरकार इसको प्रभारी ढंग से लागू करने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने श्रवण क्षेत्र धाम का किया निरीक्षण : उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। पहले इसकी पहचान दंगों और गुंडा गर्दी के रूप में होती थी। अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर बीमारू राज्य माना जाता था। आज बीमारू राज्य नहीं है। आज उत्तर प्रदेश के नौजवान के सामने पहचान का संकट नहीं है। कुछ लोग हैं जिन्हें विकास पसंद नहीं। उन्हें बस अपने परिवार का विकास सही लगता है। मुख्यमंत्री इसके बाद शिवबाबा धाम से सडक़ मार्ग होते हुए श्रवण क्षेत्र धाम पहुंचे, जहां पर उन्होंने भगवान श्रवण की मूर्ति के समझ पूजा-अर्चना किया। उन्होंने श्रवण क्षेत्र धाम हो रहे पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के बारे में जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी हासिल की।
यह भी पढ़ें:- गोंडा : नवागत जिला समाज कल्याण अधिकारी ने संभाला कार्यभार
