'गौरव का क्षण'...शुभांशु शुक्ला के मिशन की लॉन्चिंग के बाद सीएम योगी ने दी शुभकामनायें 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा के लिए रवाना होकर इतिहास रच दिया है। अरबों लोगों की उम्मीदों और सपनों वाला एक्सिओम मिशन-4 भारतीय यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और चालक दल के तीन अन्य सदस्यों को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए कई बार यात्रा टलने के बाद आज दिन में 12 बजकर एक मिनट पर कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ। 
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में जन्मे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष में मानव मिशन एक्सिओम मिशन 4 में मिशन पायलट बनने और ऐतिहासिक उड़ान भरने के लिए हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इस बड़ी उपलब्धि को भारत की वैज्ञानिक क्षमता और वैश्विक भागीदारी की अद्भुत मिसाल बताया। 

योगी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा “ यह भारत के लिए गौरव का क्षण है। एक्सिओम मिशन 4 के मिशन पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की इस अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशन में भागीदारी हमारे वैज्ञानिक उत्कर्ष और वैश्विक सहयोग के प्रति अटूट संकल्प को दर्शाती है। आगामी मिशन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद।” 

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जो भारतीय वायुसेना के एक अनुभवी टेस्ट पायलट हैं, अमेरिका के फ्लोरिडा से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की ओर रवाना हुए। वह इस मिशन में स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल के माध्यम से उड़ान भरने वाले पहले भारतीय बन गए हैं, जो 1984 में राकेश शर्मा के बाद किसी भारतीय की पहली मानव अंतरिक्ष यात्रा है। 

ये भी पढ़े : 'एक भारतीय की उड़ान से देश उत्साहित और गौरवान्वित' Axiom-4 Mission पर बोलीं राष्ट्रपति, PM ने बताया भारतीयों की उम्मीद

संबंधित समाचार