संभल: मौत के 6 माह बाद हड़पा बीमा क्लेम, पांच गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बहजोई, अमृत विचार। मौत के बाद फर्जी तरीके से बीमा कर 6 महीने के बाद दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में फर्जी तरीके से भर्ती कराने और फिर मृत दिखाकर बीमा की रकम हड़पने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें अस्पताल का गार्ड, चतुर्थ श्रेणी कर्मी, दो युवक व एक महिला शामिल है। आरोपियों ने अस्पताल के चिकित्सकों की मोहर और हस्ताक्षर समिति फाइल का डाटा चोरी किया। फर्जी दस्तावेज बनाकर दिल्ली एमसीडी से मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवाया था।

पुलिस अधीक्षक दफ्तर पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने खुलासा करते हुए बताया कि 15 फरवरी को इस पूरे गिरोह का खुलासा हुआ था। नई दिल्ली के शक्तिनगर निवासी त्रिलोक कुमार को मौत के 6 महीने बाद जीबी पंत अस्पताल में भर्ती और फिर वहीं हार्ट अटैक से मौत दिखाकर एमसीडी से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया गया। पहले से ही गिरफ्तार शाहरुख खान के फोन से ऐसे लोगों के फोन चैटिंग सामने आए थे।

 जहां कुछ दस्तावेज मांगे जाते तो कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराए जाते। दिल्ली के त्रिलोक कुमार की मौत के बाद पत्नी सपना का डाटा हासिल हुआ। जांच में पाया गया कि त्रिलोक कुमार के दो मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए थे। जिसमें एक प्रमाण पत्र अस्पताल की फर्जी रिपोर्ट से तैयार किया गया था। इसमें जीबी पंत अस्पताल में गार्ड और ईसीजी रूम में रहने वाले युवक ने गिरोह के सदस्यों का सहयोग किया था। फर्जी कागजात बनाकर 20 लाख रुपए का बीमा हड़प लिया गया।

पुलिस ने दिल्ली के थाना तिमारपुर के संजय बस्ती निवासी वीरेंद्र कुमार, सब्जी मंडी वेलकम थाना वेलकम दिल्ली के नवाज अहमद, सुगौली थाना हर्ष विहार दिल्ली की कल्पना, प्रेम नगर किराड़ी थाना सुलेमान नई दिल्ली के प्रेम, गाजियाबाद के थाना लोनी के राजनगर कॉलोनी के रविंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि प्रेम दिल्ली की एमसीडी में दलाल के रूप में काम करता था। 

वहीं रविंद्र गुप्ता इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर के रूप में, कल्पना बैंकों में खाता खुलवाती थी। वीरेंद्र 2 वर्ष तक जीबी पंत अस्पताल में गार्ड की नौकरी कर चुका था। नमाज अहमद ने ईसीजी फर्जी तरीके से उपलब्ध कराई थी। एसपी ने बताया कि इनके पास से जीबी पंत अस्पताल की फर्जी मोहर, दो मोबाइल फोन, बीमा दस्तावेज, मृत्यु प्रमाण पत्र, फर्जी पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों खिलाफ थाना रजपुरा पर कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

संबंधित समाचार