बरेली: कूड़े में आग लगा कर बिगाड़ रहे पर्यावरण, बुला रहे स्मॉग

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। कूड़े में आग लगाकर पर्यावरण खराब करने की कोशिश की जा रही है। अब जाड़े का मौसम शुरू हो गया है। अगर नगर निगम के अफसर समय रहते सजग नहीं हुए तो स्माग की बड़ी समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ेगा। नियमों का पालन कराने वाले नगर निगम के कर्मचारी खुद ही एनजीटी …

बरेली,अमृत विचार। कूड़े में आग लगाकर पर्यावरण खराब करने की कोशिश की जा रही है। अब जाड़े का मौसम शुरू हो गया है। अगर नगर निगम के अफसर समय रहते सजग नहीं हुए तो स्माग की बड़ी समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ेगा। नियमों का पालन कराने वाले नगर निगम के कर्मचारी खुद ही एनजीटी के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसके कारण शहर की सड़कों के किनारे और डंपिंग ग्राउंड में दिन में भी कूड़ा जलता देखने को मिल रहा है। इसके बाद भी अफसर बेपरवाह हैं।

कुछ दिन पहले शासन ने सेटेलाइट मैपिंग के जरिए पराली जलाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की ताकि स्माग की समस्या सामने न आए पर सच तो यह है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी मोहल्लों का कूड़ा इकट्ठा कर जला रहे हैं। इससे उठने वाला धुआं लोगों के लिए परेशानी कारण बन गया है। शनिवार को सुभाष नगर में पुलिस चौकी के पास कूड़ा डालने के बाद उसमें आग लगा दिया गया। सूत्रों की बातों पर गौर किया जाए तो कूड़ा फेंकने से बचने के लिए सफाई कर्मचारी ऐसा कर रहे हैं। इसके कारण मोहल्ले में रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के कुछ जगहों पर तो ऐसा भी मामला प्रकाश में आए है कि कर्मचारी कूड़ा डाल देते हैं। इसके बाद आग के हवाले कर देते हैं। कूड़े में कपड़ा, टायर, चमड़ा आदि जलने से निकलने वाले धुआं से लोगों खास परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धुआं जहरीला होने के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगती है। नगर निगम के कर्मचारी कूड़ा फेंकने के लिए दूर न जाकर सड़क पर कूड़ा जला रहे हैं। अगर नगर निगम की कार्रवाई पर गौर किया जाए तो अभी तक कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

पिछले साल खुर्रम गौटिया, पीलीभीत बाईपास रोड पर कूड़ा जलाने के आरोप में नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। एक मामले में तो कर्मचारी को नगर नगर निगम की टीम ने कूड़ा जलाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था। इसके कारण अफसरों को पुख्ता प्रमाण मिल गया कि कर्मचारी कूड़ा फेंकने से बचने के लिए कूड़े में आग लगा रहे हैं।

“नगर निगम कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि कूड़ा जलाते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। शहर में कूड़ा न जले, इसके लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी की टीम भ्रमण कर रही है। अब अभियान चलाकर लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। अगर कर्मचारी कूड़ा जलाते पाया गया तो उस पर विभागीय कार्रवाई भी होगी। इसे लेकर शहरवासियों को सजग रहने की जरूरत है।” -अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त

“कोरोना की दूसरी लहर को लेकर शासन की गाइडलाइन के तहत तैयारियां कर ली गई हैं। टीमों को संक्रमित निकलने वालों की सैंपलिंग में लगाया है। जिले में अभी तक 177 कन्टेनमेंट जोन बनाए गए हैं। निगरानी के लिए 850 टीमों का गठन किया गया है, जो डोर टू डोर सर्वे कर रही हैं।” -डा.वीके शुक्ल, सीएमओ

संबंधित समाचार