बाराबंकी: जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों को गंभीरता से लें अधिकारी, विनियमन समिति की अध्यक्ष ने दी हिदायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति की अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में समिति के सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल, अंगद सिंह, किरणपाल कश्यप और डॉ. रतनपाल सिंह भी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ समिति का स्वागत किया गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी सदस्यों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

लोकसभागार में आयोजित बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर की गई कार्रवाई और विकास कार्यों का जायजा लिया गया। डॉ. त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों को गंभीरता से लें। साथ ही उनका निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने कार्रवाई की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देना अनिवार्य बताया।

विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह ने ग्रामीण सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और युवा रोजगार पर सुझाव दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कानून-व्यवस्था और साइबर अपराधों पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया। समिति ने बाराबंकी प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रशासन शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। इस बैठक में सीडीओ अन्ना सुदन, समिति के अनुसचिव अरुण प्रकाश शर्मा, समीक्षा अधिकारी मयंक यादव, सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, एडीएम डॉ. अरुण कुमार सिंह सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार