बाराबंकी में अवैध संबंध में हुई थी अरविंद की हत्या, दो गिरफ्तार
एक माह बाद पुलिस ने घटना का किया खुलासा
चित्रकूट, अमृत विचार। एक माह पहले हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। घुंघटेर थाना क्षेत्र में 20 जून की रात अरविंद लोध की तार से गला कसकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बजगहनी निवासी माता प्रसाद गौतम करीब 25 वर्ष पहले अरविंद लोध को जेजेएम रोड लखनऊ से अपने साथ लाए थे। अरविंद उनके घर में परिवारिक सदस्य के रूप में रहकर खेत की रखवाली करता था। घटना वाले दिन अरविंद प्रतिदिन की तरह खेत की रखवाली करने गया था। अगली सुबह माता प्रसाद की पुत्री जब खेत गई तो अरविंद मृत अवस्था में मिला। उसके गले पर चोट के निशान थे।
पुलिस ने जमुआ पुल के पास से संतोष कुमार और बृजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से एल्युमीनियम तार और एक बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला कि संतोष माता प्रसाद का सगा भतीजा है। वह राजगीर का काम करता है। बृजेश उसके साथ लेबर का काम करता है। संतोष 18 जून को चाचा के घर पानी लेने गया था। वहां उसने मृतक अरविंद और अपनी चाची को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद से वह अरविंद को मारने की योजना बनाने लगा था। दोनों आरोपियों ने 20 जून की रात अरविंद की एल्युमीनियम तार से गला कसकर हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें:- प्रयागराज : दो भाइयों पर जानलेवा हमले के मामले में कांग्रेस ने यूपी की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
