बदायूं : फसल की सिंचाई करने गए युवक का झाड़ी में पड़ा मिला शव
गुरुवार दोपहर फसल की सिंचाई करने गए थे नूरपुर निवासी विजय लेकिन फिर नहीं लौटे
बदायूं, अमृत विचार : फसल की सिंचाई करने खेत पर गए युवक का शव झाड़ी में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन पहुंचे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी विजय (27) पुत्र भूरे लाल खेतीबाड़ी करते थे। वह गुरुवार दोपहर फसल की सिंचाई करने के लिए खेत पर गए थे लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई तो खेत पर जाकर उनकी तलाश की। विजय कहीं नहीं मिले। परिजन रात भर परेशान रहे। रिश्तेदारी में भी जानकारी की लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह परिजनों ने फिर से तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने दोपहर में गांव के तालाब किनारे झाड़ी में उनका शव देखा तो परिजनों को सूचित किया। परिजन पहुंचे तो चीत्कार मच गया। परिजन ने पुलिस को सूचना देकर गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दातागंज के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि युवक की मौत हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - बदायूं : कुचलकर बरेली के कांवड़िया की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीजे में लगाई आग
