लखीमपुर खीरी: अल्लीपुर गांव में लगी आग से तीन घर जले, लाखों का नुकसान

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

फायर बिग्रेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया काबू

बेहजम, अमृत विचार। थाना फरधान क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में शुक्रवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन घर और उनमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

ग्राम प्रधान पति इलियास ने बताया कि दोपहर में तेज आंधी आई थी। तभी गांव के शब्बन के घर में आग लग गई। शोर शराबा होने पर जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते। इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। पल भर में आग की लपटों ने पड़ोस में उसके पुत्र नशीर व जुबैर के घर को भी आग ने अपने चपेट में ले लिया, जिससे तीनों घर जलकर राख हो गए। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई। आग से घरों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

घटना के समय शब्बन गांव में ही मजदूरी करने गया था, जबकि उसके दोनों बेटे बाहर मजदूरी करने गए थे। घर पर केवल महिलाएं थीं। वह किसी तरह बच्चों को लेकर घर के बाहर निकल पाई। शब्बन के घर मे बर्तन,राशन,कपड़े आदि सभी सामान जल गया है।वही जुबैर की पत्नी नूरजहां ने बताया कि घर का सभी सामान जल गया है। खाने और पहनने के लिए कुछ नहीं बचा है। कुलसुम पत्नी नशीर की दो महीने पहले खरीदी गई नई बाइक समेत पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। अग्नि पीड़ित  भूमिहीन हैं। एक बीघा भी जमीन नहीं है। बाहर मजदूरी करके बच्चों का पेट पालते हैं। राजस्व निरीक्षक कमल कुमार सिंह ने बताया कि तीन घर आग लगने से जलने की सूचना मिली है। जांच कर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।

संबंधित समाचार