बदायूं : किसी से रंजिश नहीं थी तो क्यों मार दिया...भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की हत्या के बाद रो रोकर बोली पत्नी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं, अमृत विचार। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू कर दी है। पति की हत्या के बाद पत्नी रो रोकर बता रही थी कि उनकी किसी से रंजिश नहीं थी तो क्यों मार दिया। परिजनों ने बताया कि सुरेश चंद्र गुप्ता बहुत व्यवहार कुशल थे। वह पार्टी के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय रहते थे। बूथ पर जाकर लोगों से मिलते थे। उनके सुख दुख में शरीक होते थे। उनकी किसी से भी रंजिश नहीं थी।

गांव विजय नगला निवासी सुरेश चंद्र गुप्ता लकड़ी की टाल चलाते थे। बरेली-मथुरा राजमार्ग पर उनका मकान है और वहीं पास में वह टाल चलाते थे। इसके अलावा वह भाजपा के अलावा भारतीय किसान यूनियन में सक्रिय थे। उनके पास भाकियू में जिला महासचिव का पद था, लेकिन कुछ ही दिन पहले उन्होंने भाकियू का दूसरा गुट ज्वाइन किया था। उनके दो बेटे राहुल और निर्दोष हैं। दोनों भाई घरों के लिए लकड़ी की चीजें बनाते हैं। राहुल रात को पानी की टंकी पर जाकर चौकीदारी करते हैं। 

मंगलवार को अचानक राहुल की पत्नी की तबीयत खराब हो गई तो वह दिल्ली चले गए, लेकिन अपने काम को लेकर जिम्मेदार सुरेश चंद्र गुप्ता बेटे की जिम्मेदारी निभाने के लिए चले गए और उनकी हत्या हो गई। पास में ही उनकी टॉर्च, डंडा, पानी का कमंडल पड़ा था। सूचना मिलने पर कुछ ही देर के बाद सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता पहुंचे। शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। परिजनों ने बताया कि सुरेश चंद्र गुप्ता बहुत मिलनसार व्यक्ति थे। किसी से खास रंजिश नहीं थी।

संबंधित समाचार