Bareilly: बंच केबल टूटकर गिरी...कुतुबखाना में कई घंटे बिजली गुल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना क्षेत्र में बंच केबल टूटकर गिर गई। जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं मिशन और जगतपुर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में फाल्ट से बिजली गुल रही। इसके अलावा हरुनगला, शाहदाना और सिविल लाइंस क्षेत्र में काम कराने के चलते लिए गए शटडाउन से कई घंटे आपूर्ति प्रभावित रही।

कुतुबखाना सबस्टेशन के खैरुल्ला गली में गुरुवार सुबह 9: 30 बजे बंच केबल टूटकर गिर गई। इससे कोहाड़ापीर और मोतीपार्क फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली गुल हो गई। लोगों को दोपहर 12 बजे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। कोहाड़ापीर में लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। दोपहर 3 बजे मिशन सबस्टेशन की 132 केवी लाइन पर आइसोलेटर पर रेड हार्ट होने से बिजली गुल रही। सिविल लाइंस की राम वाटिका में केबल टूटने से बिजली का संकट रहा। सदर कैंट इलाके में फेस नहीं आने की समस्या रही।

मढ़ीनाथ और दुर्गानगर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में लोकल फाल्ट के चलते बिजली गुल रही। गुरुवार शाम आवास विकास और सर्किट हाउस फीडर पर सप्लाई फेल होने से बिजली संकट रहा। शाम 6 बजे कुतुबखाना में 33 केवी की लाइन फेल होने से आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा 33/11 केवी सबस्टेशन शाहदाना के कांकर टोला फीडर, हरुनगला सबस्टेशन के 11 केवी लक्ष्य फीडर और सिविल लाइंस से जुड़े इलाकों में गुरुवार को काम कराने के चलते कई घंटे तक बिजली गुल रही।

सदर कैंट में आज रहेगा शटडाउन
अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सदर कैंट सबस्टेशन पर बिजली लाइनों पा आ रहीं पेड़ों की टहनियों की छटाई के लिए शटडाउन लिया जाएगा। सदर बाजार, बीआई बाजार, वीरंगना चौक और कैंट आदि क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

संबंधित समाचार