माध्यमिक विद्यालयों से निकलेंगे शुभांशु शुक्ला, आज से 18 अगस्त तक मनाया जाएगा भारत अंतरिक्ष सप्ताह
लखनऊ, अमृत विचार: भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की कामयाबी ने माध्यमिक विद्यालयों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति नया उत्साह भर दिया है। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश के सभी मण्डलों में 12 से 18 अगस्त तक अंतरिक्ष सप्ताह मनाने के विस्तृत दिशानिर्देश दिए गए हैं। यह आयोजन यूपी बोर्ड समेत सभी बोर्ड के स्कूलों में किए जाने का निर्देश जारी किया गया है। जिसमें कक्षा 6 से लेकर 12वीं कक्षा के विद्यार्थी विज्ञान और अंतरिक्ष संबंधी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसमें विजेता छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन भारत अंतरिक्ष सप्ताह के निर्देशन में किया जा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के संस्थापक महान अंतरिक्ष विज्ञानी डॉ. विक्रम साराभाई के जन्म के उपलक्ष्य में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सभी बोर्ड के विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को इस उत्सव में सम्मिलित किया जाएगा, जिसके अन्तर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई है।
सभी आयोजन मुख्यालय की वेबसाइट http://indiasapceweek.org पर अपलोड किए जाएंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, उन्नाव के जिला विद्यालय निरीक्षकों को सभी माध्यमिक विद्यालयों में जारी निर्देशों का पालन करते हुए भारत अंतरिक्ष सप्ताह धूमधाम से मनाने के निर्देश दे दिए हैं। इसकी विस्तृत जानकारी https://indiaspaceweek.org/ वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्रतियोगिताएं और पुरस्कार
निबंध प्रतियोगिता- (प्रथम पुरस्कार 5000, द्वितीय पुरस्कार, 2500 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1250 रुपये)
भाषण प्रतियोगिता- (प्रथम पुरस्कार 5000, द्वितीय पुरस्कार, 2500 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1250 रुपये)
ड्राइंग और पेन्टिंग प्रतियोगिता- (प्रथम पुरस्कार 5000, द्वितीय पुरस्कार, 2500 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1250 रुपये)
कलरिंग प्रतियोगिता- (प्रथम पुरस्कार 3000, द्वितीय पुरस्कार, 2000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1000 रुपये)
स्पेश फैशन शो का होगा आयोजन
भारत अंतरिक्ष सप्ताह के अंर्तगत विद्यार्थियों के बीच स्पेश फैशन प्रतियोगिता का अनोखा आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्पेस फैशन शो, अंतरिक्ष वेशभूषा कार्यक्रम होगा जिसमके लिए प्रथम पुरस्कार 5000, द्वितीय पुरस्कार, 2500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 1250 रुपये दिया जाएगा। इसमें कैन सैट और क्यूब सैट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा जिसके लिए प्रथम पुरस्कार 25000, द्वितीय पुरस्कार, 15000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 10000 रुपये निर्धारित है।
अंतरिक्ष प्रदर्शनी और चिकित्सा नवाचार
छात्र-छात्राओं के लिए अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी, शोकेश टेक्नोलॉजी प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसके लिए प्रथम पुरस्कार 10000, द्वितीय पुरस्कार, 5000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 2500रुपये दिए जाएंगे। अंतरिक्ष चिकित्सा नवाचार चुनौती प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 15000, द्वितीय पुरस्कार, 10000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5000 रुपये प्रदान किया जाएगा।
भारत अंतरिक्ष सप्ताह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान (स्पेस साईंस) में असीम संभावनाओं से रुबरु कराएंगी। विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान के रहस्यों से अवगत होंगे और विज्ञान के प्रति जागरुक बनेंगे-डॉ. दिनेश कुमार, मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल
ये भी पढ़े : रात 10 बजे के बाद भी बिक रही शराब, प्रशासन की अनदेखी के चलते अवैध बिक्री जारी
