पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त मैनहोलों की मरम्मत और लीकेज रोकथाम, त्यौहार से पहले लखनऊ में अब रात को भी सफाई अभियान
लखनऊ, अमृत विचार : आगामी त्योहार को देखते हुए नगर निगम ने मंगलवार से रात्रिकालीन सफाई अभियान शुरू कर दिया। अभियान के तहत प्रत्येक जोन के एक वार्ड में सफाई की जाएगी। पहले दिन जोन 1 के विक्रमादित्य-महात्मा गांधी वार्ड, जोन 2 के अंबेडकर नगर वार्ड, जोन 3 के फैजुल्लागंज चतुर्थ वार्ड, जोन 4 के खरगापुर सरसवां वार्ड, जोन 5 के सरोजनी नगर प्रथम वार्ड, जोन 6 के लाल जी टंडन वार्ड एवं न्यू हैदरगंज प्रथम वार्ड, जोन 7 के शहीद भगत सिंह द्वितीय वार्ड तथा जोन 8 के श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड में सफाई व्यवस्था का नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि सभी 110 वार्डों में यह अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत सफाई के साथ मार्ग प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त मैनहोलों की मरम्मत, लीकेज रोकथाम और संचारी रोगों व अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के निरीक्षण के लिए नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अलग-अलग जोन में नोडल अधिकारी नामित किया है।
