बारिश में आवक कम : गोभी, शिमला मिर्च भाव खा रही, धनिया का तड़का भी महंगा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। महंगाई अब सीधे आम आदमी की थाली पर चोट कर रही है। हरी सब्जियां थाली से दूर होती जा रही हैं। आलू-प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च आदि सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। दुकानदारों ने दाम बढ़ने की मुख्य वजह बारिश के कारण आपूर्ति कम होना बताई है। धनिया का तड़का भी महंगा हो गया है।

शहामतगंज मंडी के दुकानदारों के अनुसार बरसात के मौसम में हरी सब्जियों की फसलें खराब होने से आवक कम हुई है। भाड़ा महंगा होने का असर भी पड़ा है। ग्राहक सब्जियां ज्यादा महंगी होने की वजह से कम ले रहे हैं।दुकानदार मुन्ने मियां ने बताया कि इस बार मंडी खाली देखने को मिल रही है। व्यापार पर भी ज्यादा असर पड़ रहा है। ओमकार, मोहित मौर्य, मेहताब के साथ ही अन्य दुकानदारों ने भी व्यापार कम होने की बात कही।

सब्जी खरीदने वाले ग्राहक क्या कहते हैं
शहामतगंज मंडी में सब्जी खरीदने आए इन्बे हसन ने बताया कि पहले 100 रुपये में तीन-चार सब्जियां घर ले जाते थे। अब 200 रुपये में भी मुश्किल चार सब्जियां मिल रहीं। लोग पहले जैसी खरीदारी नहीं कर पा रहे हैं। सब्जी लेने आईं रानी देवी ने बताया कि रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। हर दिन सब्जियों के दाम बढ़ते हैं। बजट देखते हुए रसोई में उसी सब्जी को बनाना पड़ता है, जो सस्ती मिले।

सब्जियों के फुटकर दामों में तेजी
अगस्त की तुलना में सितंबर में सब्जियों के फुटकर दामों में तेजी देखने को मिली है। पहले टमाटर 30 से 35 रुपये किलो थे, अब 40 से 45 रुपये है। हरी मिर्च पहले 35 से 40 रुपये किलो थी, अब 50 से 60 रुपये है। आलू 15 रुपये किलो था, अब 20 से 25 रुपये किलो में बिक रहा है। प्याज का भी यही हाल है। पहले 20 से 25 रुपये किलो था अब 25 से 30 रुपये है।अदरक 60 से 70 रुपये किलो से बढ़कर 80 से 90 रुपये किलो के भाव पर बिक रही है। खीरे पर प्रति किलो 10 से 15 रुपये बढ़े हैं। अब 25 से 30 रुपये किलो बिक रहा है। धनिया 130 से 150 रुपये किलो से बढ़कर 180 से 200 रुपये में बिक रहा है। बैंगन पहले 25 से 30 रुपये किलो था, अब 35 से 40 रुपये में है। पहले मूली 45 से 50 रुपये किलो थी, अब 55 से 60 रुपये बिक रही है। शिमला मिर्च खूब भाव खा रही है। पहले 90 से 100 रुपये किलो बिक रही थी, अब 110 से 120 रुपये किलो बिक रही है। फूल गोभी के दाम भी इजाफा हुआ है। पहले 85 से 90 रुपये किलो थी, अब 95 से 100 रुपये किलो है। भिंडी, तोरई, लौकी जैसी हरी सब्जियां पहले 20 से 25 रुपये किलो में मिल रही थीं, अब 30 से 40 रुपये किलो के हिसाब से बिक रही हैं।

संबंधित समाचार