नानपारा-नेपालगंज रेलवे ट्रैक पर 130 किमी की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, जल्द मिलेगी नेपाल सीमा तक ट्रेन की सुविधा
लखनऊ, अमृत विचार : पूर्वोत्तर रेलवे ने शुक्रवार को नानपारा-नेपालगंज के बीच नवनिर्मित रेल लाइन पर एक्सप्रेस ट्रेन दौड़कार उसकी क्षमता की जांच की है। इसका स्पीड ट्रायल रन सफल रहा है। जल्द ही इस लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जायेगा। जिससे तराई क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। नानपारा-नेपालगंज रेलवे स्टेशन के बीच रेल लाइन, विद्युतीकरण समेत अन्य कार्य को पूरा कर लिए गए हैं।
इस नए रेलवे ट्रैक के 19.33 किमी लंबे रूट पर पूर्वोत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने निरीक्षण किया। इस दौरान बाबागंज हॉल्ट स्टेशन पर स्टेशन अपडेशन, पैनल रूम, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, यार्ड, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग, सिग्नल व्यवस्था, बैटरी रूम, रिले रूम और प्लेटफॉर्म क्लियरेंस का भी उन्होंने मुआयना किया।
इसके बाद उन्होंने बाबागंज हॉल्ट से नेपालगंज रोड तक मोटर ट्रॉली से समपारों, माइनर ब्रिजों और अन्य संरचनाओं की संरक्षा जांच की। निरीक्षण के अंतिम चरण में, रेल संरक्षा आयुक्त ने नेपालगंज रोड-नानपारा खंड पर सीआरएस स्पेशल ट्रेन से 130 किमी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल लिया, जो इस रेल खंड की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अभय कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल सहित निर्माण संगठन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थिति रहे। बताया जा रहा है कि इसका स्पीड ट्रायल सफल रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
तराई क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर बनेगी योजना
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा यह परियोजना तराई क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। हम यात्री सुविधाओं और परिचालनिक दक्षता को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि नानपारा-नेपालगंज रोड रेल खंड का कार्य पूरा होने से तराई क्षेत्र का यह हिस्सा देश के ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। क्षेत्र के लोग अब महानगरों तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। साथ ही यात्रियों को ट्रेन बदलने की असुविधा से छुटकारा मिलेगा।
