दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामला : दिल्ली में गिरफ्तार दोनों किशोरों को पुलिस लेकर आएगी बरेली
बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर पहले दिन फायरिंग करने वाले दो किशोरों को पुलिस दिल्ली से बरेली लेकर आएगी। पुलिस ने दिल्ली के किशोर न्याय बोर्ड में रिमांड के लिए अर्जी लगाई थी, जिसमें दो दिन की दोनों की रिमांड मिली है। यहां से बी वारंट लेकर दरोगा दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। अब दोनों किशोर से पूछताछ में कई राज पता चल सकते हैं।
अभिनेत्री दिशा पाटनी के सिविल लाइंस चौपुला स्थित आवास पर बाइक से आए अलग-अलग बदमाशों ने 11 और 12 सितंबर को तड़के ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग के मामले में चार शूटर और एक और बदमाश शामिल था। वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर रविन्द्र और अरुण को गाजियाबाद में एसटीएफ और दिल्ली की सीआई यूनिट के संयुक्त टीम ने मार गिराया था।
जबकि इन्हीं शूटरों में शामिल रहे नाबालिग बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में शामिल पांचवें आरोपी दीपू को शाही क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। पहले दिन फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों के विवेचक ने दिल्ली पहुंच कर बयान दर्ज किए थे। दिल्ली में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष विवेचक दोनों की रिमांड के लिए अर्जी लगा कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
ये भी पढ़ें-UP : पहले प्यार और शादी का दिखाया सपना, फिर मैट्रिमोनियल एप पर झांसा देकर साढ़े तीन लाख ठगे
