लखीमपुर खीरी: सरसवा गांव के बाहर गन्ना के खेत में मिला महिला का शव
धौरहरा, अमृत विचार। अपने मायके से शुक्रवार को ससुराल जाने के लिए निकली एक 25 साल की महिला की हत्या कर दी गई। उसका शव सरसवां गांव के बाहर गन्ने के खेत में बरामद हुआ है। महिला के कपड़े अस्त व्यस्त थे। उसके गले पर कट का निशान भी मिला है। कोतवाली धौरहरा पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के गांव वाली निवासी नीलम यादव (25) पत्नी श्यामू यादव सात दिन पहले दीवाली पर अपने मायके गांव अहिरन भकुरहिया आई थी। मृतका के भाई राकेश यादव के मुताबिक नीलम यादव शुक्रवार की शाम करीब 07 बजे घर से अकेले ससुराल वाली गांव के लिए घर से पैदल निकली और धौरहरा तहसील बाईपास से वह किसी ई रिक्शा पर बैठी, लेकिन वह अपनी ससुराल देर रात तक नहीं पहुंची। सुबह उसका शव सरसवा गांव के बाहर रेहुवा–सरसवा मार्ग पर एलिमेंट्री स्कूल के पास गन्ना के खेत में लोगों ने पड़ा देखा।
शव पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नीलम का शव औंधे मुंह पड़ा था। उसके कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। गले में कट का निशान था और वही पर काफी खून भी पड़ा था। मृतका के परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने बताया भाई राकेश यादव की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है। महिला से किसी के अवैध सम्बन्ध थे। इससे इंकार नहीं किया जा सकता। खेत में लगे ब्लेड के तारों में भी खून लगा है। सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।
ससुराल से 8 किलोमीटर दूर कैसे पहुंची महिला
मृतका नीलम यादव का शव जहां पर बरामद हुआ। वहां से उसका मायका करीब 15 किलोमीटर और ससुराल आठ किलोमीटर की दूरी पर है। चर्चा है जब मृतका ससुराल जाने के लिए निकली थी, तो वह ससुराल से आठ किलोमीटर दूर आगे कैसे पहुंची, चर्चा यह भी है कि उसका पति मंदबुद्धि था और उसके किसी से अवैध संबंध थे। फिलहाल पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है।
