Good News: इलाज के लिए अधिवक्ता को बार देगा दो लाख रुपए... बार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए कमेटी गठित
अयोध्या, अमृत विचार: हृदय के ऑपरेशन के लिए अधिवक्ता को बार एसोसिएशन दो लाख रुपए देगा। इसके अलावा बार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिए जाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी इस पर अपनी रिपोर्ट तैयार करके कार्यकारिणी को 21 नवंबर तक सौंपेगी। इसके बाद इस पर 22 नवंबर को होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा। शनिवार को अधिवक्ता संघ की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में दो मुद्दों पर चर्चा कराई गई। इसमें पहला मुद्दा यह था कि संघ के सदस्य अधिवक्ता अखिलेश पांडे के हृदय का ऑपरेशन होना है। वह दिल्ली के किसी संस्थान में अपना इलाज करा रहे हैं। इसके लिए उन्हें रुपए की आवश्यकता थी। बैठक में इस पर चर्चा कराई गई।
संघ के कर्मचारी की वेतन में वृद्धि के लिए भी प्रस्ताव दिया गया था, जिस पर चर्चा कराई गई। काफी चर्चा के बाद मामले में छह अधिवक्ताओं की कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी वेतन वृद्धि के मामले में अपनी रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय को सौंपेगी। मंत्री गिरीश चंद्र तिवारी ने बताया कि प्रकरण पर 22 नवंबर को बैठक में फिर से चर्चा कराई जाएगी।
कमेटी में संघ के पूर्व अध्यक्ष संजीव दुबे, विजय बहादुर सिंह, पूर्व मंत्री हिमांशु वर्मा, त्रिलोकी नाथ दुबे, दूधनाथ मिश्रा हैं। बैठक को अधिवक्ता अरविंद सिंह, राज कपूर सिंह, विपिन कुमार मिश्रा, सोमनाथ तिवारी समेत अन्य ने संबोधित किया।
