तीन दिन घने कोहरे के साथ शीत लहर के आसार... मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, कहा- दिन में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है पारा
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी और आस-पास तीन दिन घने कोहरे के साथ शीत लहर चलने के आसार हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं बादल भी छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री सेल्सियस गिरने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इसकी चेतावनी जारी की है।
लखनऊ में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से शनिवार को भी गलन भरी ठंड रही। न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 3.4 डिग्री कम था। यह इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। वहीं धूप निकलने से अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य के आस-पास था। मौसम विभाग के अनुसार देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। बाद में आसमान साफ हो जाएगा। 20 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे सुधार होगा।
