‘आतिथ्य से आत्मनिर्भरता’ की नई मिसाल:यूपी के 31 होम-स्टे संचालकों को मिला प्रोफेशनल ट्रेनिंग, अब ग्रामीण पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान!
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने के प्रयासों के तहत मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम) में होम-स्टे संचालकों के लिए पांच दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 16 से 20 मार्च तक चल रहे इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 31 प्रतिभागियों को आधुनिक आतिथ्य सेवाओं और प्रबंधन की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को होम-स्टे संचालन, कम लागत में बेहतर सेवाएं देने, टैरिफ प्लान, लागत नियंत्रण और इंटीरियर साज-सज्जा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया के उपयोग, डिजिटल पेमेंट, अतिथि पंजीकरण और ग्राहक सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
लखनऊ, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, बरेली, सिद्धार्थनगर, अंबेडकर नगर और उन्नाव समेत कई जिलों से आए प्रतिभागियों ने इस पहल को ग्रामीण पर्यटन के लिए अहम बताया।
