बाराबंकी में बड़ी कार्रवाई: एचएम ग्रीन सिटी का संचालक बाबा पठान गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एचएम ग्रीन सिटी के संचालक अबू बकर उर्फ बाबा पठान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार बाबा पठान को पहले हिरासत में लिया गया, जिसके बाद न्यायालय में पेश कर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उस पर मन्नत अपार्टमेंट में एक परिवार के साथ गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद, गाली-गलौज और बदतमीजी करने का आरोप है।
कोतवाली नगर में इंस्पेक्टर सुधीर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पार्किंग विवाद के दौरान मामला बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बाबा पठान पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर सफेदाबाद क्षेत्र के ख़सपरिया इलाके में सरकारी और बंजर भूमि पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग करने और करोड़ों रुपये का कारोबार खड़ा करने का भी आरोप है। बताया जाता है कि इस अवैध कारोबार के जरिए उसने अकूत संपत्ति अर्जित की है।
13.jpg)
स्थानीय सूत्रों का यह भी कहना है कि बाबा पठान के गिरोह में शहर के कुछ प्रभावशाली लोग और कथित तौर पर अधिकारी व सफेदपोश भी शामिल रहे हैं, जिसके चलते पहले उस पर खुलकर कार्रवाई नहीं हो पाई थी। उसके खिलाफ मामलों को दबाने और मैनेज करने की चर्चाएं भी आम रही हैं। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में संगठित अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह के मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
