आंबेडकरनगर में तेज रफ्तार का कहर, कार की टक्कर से आठ लोगों की मौत  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

आंबेडकरनगर। आंबेडकरनगर जिले में सड़क हादसे में घायल हुए लोगों की मदद के लिए जुटी भीड़ को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास की है। 

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्व) तेजवीर सिंह ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो लोग घायल हो गए थे जिनकी मदद के लिए स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए थे तभी एक तेज रफ्तार कार ने भीड़ को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। 

सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को जिला अस्पताल और बाद में टांडा के एक अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। उसने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें : 

संबंधित समाचार