कानपुर : फर्जी फर्म बनाकर धोखाधड़ी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर नगर की थाना चकेरी पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों के नाम से फर्म बनाकर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को यहां पत्रकारों को बताया कि जाजमऊ क्षेत्र के राम राय की सराय निवासी महताब आलम (50) को आज रामादेवी रैम्प कट के पास से गिरफ्तार किया गया।

उन्होने बताया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर कम पढ़े-लिखे एवं मजदूरी करने वाले लोगों के आधार कार्ड और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उनके नाम से फर्जी सिम और जीएसटी नंबर हासिल करता था। इसके बाद "रवि इंटरप्राइजेज" समेत विभिन्न नामों से फर्म बनाकर उनका संचालन करता था। जांच में सामने आया है कि उक्त फर्म के बैंक खाते से पिछले छह माह में करीब सात करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है।

मामले में अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने बीमा कराने के नाम पर भी कई लोगों से उनके दस्तावेज लेकर फर्जी तरीके से फर्म तैयार की और उनका दुरुपयोग किया। इस संबंध में थाना जाजमऊ में भी उसके खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह वांछित चल रहा था।

अभियुक्त के विरुद्ध थाना चकेरी व जाजमऊ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। यह गिरफ्तारी अतिरिक्त निरीक्षक जावेद अहमद खान, उपनिरीक्षक भानुप्रताप सिंह, राजेश कुमार यादव, पुनीत तोमर समेत साइबर सेल और थाना चकेरी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। 

संबंधित समाचार