Lucknow News: ऑक्सीजन प्लांट में धमाके से फटा सिलिंडर, कर्मचारी घायल
ठाकुरगंज के भूहर पुलिस चौकी के पास हुआ हादसा
लखनऊ, अमृत विचार: ठाकुरगंज के भूहर पुलिस चौकी के पास लगे ऑक्सीजन प्लांट इलीट इंटरप्राइजेज में शनिवार देर शाम तेज धमाके के साथ एक सिलिंडर फट गया। हादसे में रिफिलिंग कर रहा कर्मचारी गंभीर रुप से घायल हो गया। तेज धमाके के कारण पूरे प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सारे कर्मचारी बाहर भाग गये। आसपास के लोग भी दुकान व घर से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक फरीदीनगर निवासी संजय श्रीवास्तव का ऑक्सीजन प्लांट इलीट इंटरप्राइजेज के नाम से है। प्लांट भूहर पुलिस चौकी के काफी पास है। प्लांट में हरदोई के कासिमपुर का अक्षत कर्मचारी है। रोज की तरह वह सिलिंडर में ऑक्सीजन की रिफिलिंग कर रहा था। शनिवार देर शाम ऑक्सीजन सिलेंडर का वॉल्व फट गया। तेज धमाका हुआ। ऑक्सीजन सिलेंडर करीब 20 मीटर दूर जा गिरा। कर्मचारी अक्षत भी छिटककर दूर फर्श पर गिर गया। वॉल्व फटने से अक्षत का हाथ जख्मी हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। वहां अफरा तफरी मच गई। दूसरे कर्मचारियों ने पहुंचकर अक्षत को प्लांट से बाहर निकाला। इसी बीच सूचना पाकर ठाकुरगंज थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस की मदद से कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने अक्षत का इलाज किया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
