लखनऊ : प्रेम-संबंध के कारण किशोरी की हत्या! शव के छह टुकड़े कर ट्रेन में फेंका, पिता समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कथित ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के एस-1 कोच में बॉक्स के अंदर मिले 16 वर्षीय किशोरी के शव मामले में जीआरपी ने उसके पिता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने किशोरी की हत्या कर शव के छह टुकड़े किए और उसे ट्रेन में छोड़ दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशीनगर निवासी विग्गन अंसारी (44), उसकी बहन नूरजहां (55) और बहनोई मोजीबुल्ला अंसारी (65) के रूप में हुई है। तीनों को कुशीनगर से गिरफ्तार किया गया। 

दरअसल, 17 मई को गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में रेलवे कर्मचारियों को सीट के नीचे एक लावारिस बॉक्स मिला था। सूचना पर पहुंची जीआरपी टीम ने जब बॉक्स खोला तो अंदर एक किशोरी का शव छह टुकड़ों में मिला। हालांकि शव का सिर गायब था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कुशीनगर जिले के तमकुही रेलवे स्टेशन के फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। रेलवे एसपी रोहित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के पास से हत्या और शव के टुकड़े करने में इस्तेमाल किए गए दो "बांका" बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका शब्बा का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिससे परिवार नाराज था। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से पिता ने अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव के टुकड़े कर ट्रेन में रख दिया गया।

पुलिस अब किशोरी के गायब सिर की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए कुशीनगर और बिहार सीमा से लगे इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार