Neymar Retirement: ब्राजील के विश्व कप से बाहर होते ही नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नॉर्वे से हार के बाद ब्राजील का विश्व कप अभियान खत्म, 34 वर्षीय स्टार स्ट्राइकर ने अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त करने का किया ऐलान।

ईस्ट रदरफोर्डः ब्राजील के दिग्गज स्ट्राइकर नेमार ने विश्व कप से टीम के बाहर होने के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रविवार को अंतिम-16 के मुकाबले में ब्राजील को नॉर्वे के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। मैच के बाद नेमार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को विराम देने का फैसला सार्वजनिक किया।

मेटलाइफ स्टेडियम से शुरू हुआ सफर, वहीं हुआ अंत

34 वर्षीय नेमार ने कहा, "मैंने अपनी तरफ से पूरा प्रयास किया। मेरी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की शुरुआत मेटलाइफ स्टेडियम से हुई थी और अब इसी मैदान पर इसका अंत भी हो गया। अब यह अध्याय समाप्त हो चुका है।"

गौरतलब है कि नेमार ने 9 अगस्त 2010 को अमेरिका के खिलाफ खेले गए मैत्री मुकाबले में इसी स्टेडियम से ब्राजील के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण किया था।

नॉर्वे के खिलाफ अंतिम मैच में किया गोल

विश्व कप के अंतिम-16 मुकाबले में नेमार बेंच से मैदान पर उतरे और मैच के अंतिम क्षणों में पेनल्टी किक पर गोल भी किया। हालांकि उनका यह गोल ब्राजील को हार से नहीं बचा सका और टीम 2-1 से मुकाबला गंवा बैठी।

चोटों ने प्रभावित किया आखिरी विश्व कप

दाहिनी पिंडली में चोट के कारण नेमार पूरे टूर्नामेंट में पूरी तरह फिट नहीं रह सके। ब्राजील के पांच मैचों में से वह केवल दो मुकाबलों में ही खेल पाए। ग्रुप चरण में स्कॉटलैंड के खिलाफ भी उन्हें सिर्फ 15 मिनट खेलने का मौका मिला।

पिछले एक दशक से अधिक समय तक ब्राजील के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे नेमार का करियर हाल के वर्षों में लगातार चोटों से प्रभावित रहा, जिससे वह अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके।

नई पीढ़ी पर ब्राजील की उम्मीदें

ब्राजील के कप्तान मार्किनहोस ने टीम के भविष्य को लेकर कहा कि अब जिम्मेदारी नई पीढ़ी के खिलाड़ियों पर होगी। उन्होंने प्रशंसकों से अपील करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों को समय और पूरा समर्थन दिया जाना चाहिए ताकि वे भविष्य में टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।

यह भी पढ़ेंः ICC Women’s T20 World Cup 2026 Final: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर रचा इतिहास, रिकॉर्ड 7वीं बार बनी विश्व चैंपियन

संबंधित समाचार