ICC Women’s T20 World Cup 2026 Final: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर रचा इतिहास, रिकॉर्ड 7वीं बार बनी विश्व चैंपियन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बेथ मूनी की मैच विनिंग अर्धशतकीय पारी और फीबी लिचफील्ड के साथ शतकीय साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर महिला टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया।

लखनऊ डेस्कः ICC Women’s T20 World Cup 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित करते हुए इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए इंग्लैंड के दूसरे खिताब जीतने के इंतजार को भी बढ़ा दिया।

इंग्लैंड ने बनाए 150 रन

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया और टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

बेथ मूनी और फीबी लिचफील्ड ने पलटा मुकाबला

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 17.2 ओवर में 3 विकेट खोकर अपने नाम कर लिया।

विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी ने 49 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। वहीं फीबी लिचफील्ड ने 48 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया की ओर मोड़ दिया।

यह महिला टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास की तीसरी शतकीय साझेदारी रही। इससे पहले 2020 के फाइनल में एलिसा हीली और बेथ मूनी ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े थे। वहीं इस टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड 2016 में वेस्टइंडीज की हैली मैथ्यूज और सारा टेलर के बीच पहले विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी का है।

सोफी मोलिनक्स की कप्तानी में अजेय रही ऑस्ट्रेलिया

नई कप्तान सोफी मोलिनक्स की अगुआई में ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। टीम ने सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर फाइनल में प्रवेश किया और खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर लगातार जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023 और 2026 में महिला टी20 विश्व कप जीतने का शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

सबसे ज्यादा ICC Women’s T20 World Cup जीतने वाली टीमें

टीम खिताब
ऑस्ट्रेलिया 7
इंग्लैंड 1
न्यूजीलैंड 1
वेस्टइंडीज 1

यह भी पढ़ेंः Women's T20 World Cup 2026 Prize Money: ऑस्ट्रेलिया बनी चैंपियन, 22.27 करोड़ का इनाम; बाहर होने के बाद भी भारत-पाकिस्तान पर हुई करोड़ों की बारिश

संबंधित समाचार