बहराइच: मुनीम और उसके सहयोगियों ने दो लोगों पर किया रॉड और लाठी से हमला, हालत गंभीर
अमृत विचार, बहराइच। जिले के दरगाह थाना क्षेत्र में देर रात को देशी शराब की दुकान पर ओवर रेटिंग को लेकर विवाद हुआ। इससे नाराज मुनीम ने अपने सहयोगियों की मदद से दो लोगों पर रॉड और लाठी से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायल के चाचा ने थाने में तहरीर दी है।
कोतवाली नानपारा के धनौली खुर्द गांव निवासी लक्खू सिंह (35) पुत्र बबलू सिंह और मटेरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव निवासी रोहित कुमार पुत्र वीरेंद्र बाइक से जिला मुख्यालय आए थे। बाइक सर्विस कराने के बाद रात में नौ बजे सभी वापस गांव जा रहे थे।
दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के मिशन अस्पताल के निकट स्थित शराब भट्ठी की दुकान पर दोनों शराब खरीदने गए। यहां पर ओवर रेटिंग को लेकर मुनीम गोविंद यादव निवासी वशीरगंज कोतवाली नगर से विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के दौरान ही मुनीम ने अपने पांच अन्य सहयोगियों के साथ रॉड और लाठी से ताबड़तोड वार कर दिया।
जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। दोनों का इलाज चल रहा है। घायल लक्खू सिंह के चाचा ने थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: राजधानी में नहीं थम रहे होटल अग्निकांड, रंगोली होटल के बेसमेंट में लगी आग, एक की मौत, तीन झुलसे
