सामाजिक समरसता का संदेश देती है श्रीरामचरितमानस : नरेन्द्रानन्द

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

धर्मान्तरण से होता है राष्ट्रान्तरण


अमृत विचार, लखनऊ। मां पीताम्बरा महायज्ञ में लखनऊ पहुँचे  काशी सुमेरूपीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती ने शुक्रवार को कहा कि श्रीरामचरितमानस सामाजिक समरसता का संदेश देती है। समरसता का संदेश सदैव संत देते रहे हैं आज भी दे रहे हैं।

अगर कोई श्रीरामचरितमानस का स्वाध्याय करेगा तो उस घर परिवार में लड़ाई झगड़े नहीं होंगे। समाज में सामाजिक समरसता का निर्माण होगा। छोटा बड़े के प्रति, बहू का सास के प्रति, राजा का जनता के प्रति व  संतों के प्रति क्या कर्तव्य होना चाहिए यह श्रीरामचरितमानस हमें बताती है। 

नरेन्द्रानन्द सरस्वती ने कहा कि श्रीरामचरितमास में करोड़ों लोगों की आस्था है। समाज की एकता का आधार हमारा श्रीरामचरितमानस व गीता है और अगर यह रहेगा स्वस्थ समाज का निर्माण होगा देश का सदभाव बना रहेगा और भारत भारत बना रहेगा। 

शंकराचार्य ने कहा कि धर्मान्तरण से राष्ट्रान्तरण होता है। धर्मान्तरण देशद्रोह की श्रेणी में आता है। विदेशी मिशनरी भारत में आकर धर्मान्तरण कराते हैं। धर्मान्तरण कराने वालों पर प्रभावी कार्यवायी होनी चाहिए। कश्मीर में आतंकवाद पर उन्होंने कहा कि सेना के सेवानिवृत्त जवानों को हथियार देकर काश्मीर में बसाना चाहिए तभी कश्मीर से आतंकवाद और आतंकवादियों का सफाया होगा। 

कलियुग का कल्पवृक्ष है यज्ञ  

स्वामी नरेन्द्रानन्द ने कहा कि यज्ञ कलियुग का कल्पवृक्ष है। यज्ञ से मनवांछित फल प्राप्त किया जा सकता है। शास्त्र सम्मत विधिपूर्वक दी गयी आहुतियां देवताओं को प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम है यज्ञ। भारत के आन्तरिक व वाह्य शत्रुओं के उन्मूलन का आधार यज्ञ है। यज्ञ,गाय,संत और ब्राह्मण सनातन की जड़ हैं। ईसाई व इस्लामिक शक्तियां भारत से सनातन को मिटाने के लिए दुष्प्रचार कर रही हैं।

लखनऊ में गोमती तट पर 22 जनवरी से मां पीताम्बरा देवी 108 कुण्डीय महायज्ञ हो रहा है। इस यज्ञ में देशभर के साधु संत हिस्सा लेने आ रहे हैं। शुक्रवार को जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती भी पहुंचे और प्रवचन भी दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल, सह प्रान्त प्रचारक मनोज, सामाजिक समरसता विभाग अवध प्रान्त के प्रमुख राजकिशोर और प्रशान्त भाटिया ने भी दंडी सन्यासी रामाश्रम जी महाराज एवं यज्ञाध्यक्ष योगी राकेश नाथ से आशीर्वाद लिया।

यह भी पढ़ें : गोरखनाथ मंदिर : सुरक्षा में तैनात जवानों पर हमला करने वाला आरोपी अहमद मुर्तजा अब्बासी दोषी करार

संबंधित समाचार