UP Nikay Chunav : प्रयागराज में महापौर की सीट अनारक्षित, मैदान में होंगे कई दावेदार
प्रयागराज, अमृत विचार। आखिरकार गुरुवार को प्रदेश सरकार ने निकाय चुनाव को लेकर नए परिसीमन और आरक्षण की अधिसूचना जारी कर ही दी है। प्रयागराज में मेयर पद की सीट इस बार फिर से अनारक्षित हो गई है। जनरल सीट होने के बाद सामान्य वर्ग के नेताओं के चेहरे पर जहां खुशी देखने को मिली वहीं अन्य वर्ग के नेताओं में मायूसी छाई है।
गौरतलब है कि भाजपा सामान्य सीट पर सामान्य वर्ग के नेताओं को हमेशा ही चुनाव लड़ाती आई है। अभी कुछ महीनों पहले प्रयागराज की सीट ओबीसी घोषित की गई थी तो ओबीसी के कई चेहरे मेयर चुनाव में अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे। प्रत्याशियों ने शहर के प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग्स भी लगाना शुरू कर दिया था। हलांकि भारतीय जनता पार्टी के पास सामान्य वर्ग के कई नए चेहरे अभी भी हैं। वहीं निवर्तमान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी भी सामान्य वर्ग से ही हैं। अगर भाजपा फिर से अभिलाषा गुप्ता नंदी को चुनाव का टिकट देती है तो सामान्य वर्ग के अन्य नेताओं को मुंह की खानी पड़ेगी।
वैसे तो मेयर के चुनाव में अभिलाषा गुप्ता लगातार दो बार से प्रयागराज की महापौर रही हैं। पहली बार वह बसपा के टिकट से निर्वाचित हुई। उस समय उनके सामने भाजपा प्रत्याशी कमला सिंह मैदान में थीं लेकिन भाजपा को पराजित होना पड़ा था। दूसरी बार फिर सामान्य सीट हुई और अभिलाषा भाजपा में शामिल हो गईं। जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया और उन्होंने चुनाव में अपना परचम लहराया। इस बार सामान्य सीट होने से अभिलाषा को मौका मिल सकता है, लेकिन इससे सामान्य वर्ग के पुराने नेताओं में अंतर्कलह दिखाई दे सकती है।
वैसे भाजपा के पास सामान्य वर्ग की अन्य दावेदार भी हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल सामान्य वर्ग की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। वहीं, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी खुद दावेदार हैं। डॉ. एलएस ओझा, पार्षद अखिलेश सिंह समेत कई सामान्य वर्ग के नेताओं ने आवेदन पत्र दाखिल किये है।
ये भी पढ़ें - Breaking News: 1990 बैच के 6 IPS बने स्पेशल DG
