खटीमा को जल्द मिलेगी 400 एमटी के गोदाम की सौगात, सीएम की घोषणा के बाद निर्माण कार्य तेज
खटीमा, अमृत विचार। माल रखने के लिए व्यापारियों को होने वाली गोदाम की समस्या का जल्द निदान हो जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वर्ष 2022 की घोषणा के अंतर्गत निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मंडी परिषद के उप महाप्रबंधक व मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने 400 एमटी क्षमता के गोदाम के निर्माण कार्य का जायजा लिया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से समय से गुणवत्ता युक्त कार्य के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जून तक निर्माण पूर्ण होने से व्यापारियों को लाभ मिलेगा। बता दें कि व्यापारी लंबे समय से माल रखने के लिए पर्याप्त क्षमता के गोदाम निर्माण की मांग उठा रहे थे। व्यापारियों की दिक्कत को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 में गोदाम निर्माण की घोषणा की थी। इस मामले में गोदाम का निर्माण कार्य जारी है।
इधर, मंडी के उप महाप्रबंधक व मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी बृजवाल ने 400 एमटी के निर्माणाधीन गोदाम की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत 95.72 लाख से निर्माण किया जा रहा।
निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त कर कार्य की गुणवत्ता के साथ समय से निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि गोदाम बनने से व्यापारियों को माल रखने में आसानी होगी। वर्तमान में व्यापारियों को दिक्कत आ रही है। जून तक निर्माण पूर्ण हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Khatima News : नहरों से अतिक्रमण हटाने के लिए कराई मुनादी, प्रशासन ने तीन दिन का दिया समय
