मुरादाबाद : 'संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए जागरूकता जरूरी, इलाज के भी पर्याप्त प्रबंध हो'

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से निकली जागरूकता रैली को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान

मुरादाबाद, अमृत विचार। 3-31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की शुरुआत मंगलवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से निकली जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया। उन्होंने रोगों पर नियंत्रण के लिए जागरूकता पर जोर दिया। कहा मरीजों के इलाज के अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। 

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. कुलदीप सिंह ने बताया कि यह अभियान पूरे महीने चलेगा। इसमें  बुखार सहित अन्य संचारी रोगों के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। डेंगू, कोरोना आदि के बारे में लोगों को बताया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के नोडल उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजीव बेलवाल ने बताया कि अभियान के अन्तर्गत महानगर से लेकर ग्राम पंचायतों में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। डेंगू, बुखार, कुष्ठ, क्षयरोग के नये मरीजों का सर्वे किया जाएगा।

रोगों के नियंत्रण में नगर निगम, पंचायत राज, शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार आदि विभागों के सहयोग से लोगों को जागरूक किया जाएगा। मोहल्लों और ग्राम पंचायतों में सफाई कर डेंगू मलेरिया से बचने के लिए मच्छरों के लार्वा न पनपें इसके प्रति जानकारी दी जाएगी। 17 अक्टूबर से घर घर दस्तक दी जाएगी।

इसमें आशा स्वास्थ्य कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लोगों को पंफलेट वितरित कर जागरूक करेंगी कि अपने घर के अंदर, छत, लान आदि में साफ पानी न जमा होने दें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। कूलर का पानी नियमित बदलते रहें, फ्रिज की आइस ट्रे को साफ करते रहें। घरों की छतों पर रखे पुराने टायर, बर्तन आदि को हटा दें। जागरूकता रैली निकलने के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी पीएन यादव आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दलपतपुर टोला प्लाजा घंटों जाम, सीओ बोले-मुझे तो पता ही नहीं

संबंधित समाचार