अयोध्या के राम कथा संग्रहालय में संपन्न हुई योगी कैबिनेट की बैठक, इन 14 प्रस्तावों पर लगी मुहर...
अयोध्या। अयोध्या के इतिहास में एक और तारीख जुड़ गई। जब उत्तर प्रदेश मंत्री परिषद की बैठक राम कथा संग्रहालय में संपन्न हुई जिसमें प्रदेश सहित अयोध्या के विकास के 14 प्रस्ताव मंजूर किए गए और नौ दिवसीय शीतकालीन सत्र 28 नवंबर से बुलाए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकार किया गया।
मंत्री परिषद की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्पना पर आधारित अयोध्या सहित प्रदेश को नए प्रतिमान के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा अयोध्या एक नए युग की ओर अग्रसर है और संपूर्ण विश्व अयोध्या की ओर आकर्षित हो रहा है। उन्होंने बताया केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार की अयोध्या के विकास के लिए 30500 करोड़ की लागत से 178 विकास परियोजनाएं मूर्त रूप ले रही है।
मंत्रिपरिषद के बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा की श्री अयोध्या धाम तीर्थ विकास परिषद के गठन को मंजूरी दे दी गई है। जिसमें अयोध्या में होने वाले पर्व और त्योहारों को सरकार और धर्मार्थ संगठनों के माध्यम से और बेहतर ढंग से करने के लिए क्या किया जा सकता है। इस पर कार्य होगा और उसे लागू किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या शोध संस्थान को विस्तारित करके उसका नाम अंतरराष्ट्रीय शोध संस्थान कर दिया गया है और जिसमें रामायण और वैदिक परंपरा आधारित देश विदेश के प्रसंग पर शोध करने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा इसे एक अलग से भूमि लेकर एक भव्य भवन में स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में स्थापित करने की मंजूरी की भी जानकारी दी और कहा कि अयोध्या के माझा जमथरा में मंदिर म्यूजियम के निर्माण का प्रस्ताव भी पास हुआ है, जिसमें अलग-अलग कालखंड और देश के अलग-अलग क्षेत्र में स्थापित मंदिरों की स्थापत्य कला प्रदर्शित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में पहली बार उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का गठन किया गया है, जो प्रदेश के 12 नदियों के जल प्रवाह पर मार्ग स्थापित करेगी जिससे स्थानीय लोगों के रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री राम जन्मभूमि पर कर के आसपास हो रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और साथ ही राम मंदिर निर्माण कार्य को भी निकट से देखा। उन्होंने मंत्रिपरिषद के सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा कि सभी अपने-अपने विभाग के माध्यम से अयोध्या के विकास को ऊंचाई पर पहुंचाएंगे।
यह भी पढ़ें: सिराथू रेलवे स्टेशन पर दबंगों ने यात्रियों से की मारपीट, कई घायल
