Kartik Purnima 2023: कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों में श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी, पुलिस-प्रशासन मुस्तैद
कानपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों में श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी।
कानपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों में श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी। वहीं, गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
कानपुर, अमृत विचार। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को पतित पावनी गंगा में श्रद्धालु डुबकी लगा रहे है। इसके लिए रविवार देर रात से ही भक्तों का गंगा घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया। वहीं कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर गंगा घाटों पर कई आयोजन भी हुए। सरसैया घाट पर रोटरी क्लब ऑफ न्यू कानपुर की ओर से गंगा आरती की गई। वहीं, गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
कार्तिक पूर्णिमा को लेकर गंगा घाटों में रविवार देर शाम से तैयारी होने लगी थी। सोमवार सुबह अटल घाट, सरसैया घाट, मेस्कर घाट, सिद्धनाथ घाट में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे है। उधर बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे है। जो गंगा स्नान कर रहे है। गंगा घाटों पर खासकर पार्किंग और बैरियर की भी व्यवस्था की गई।
वहीं, स्नान के लिए देर रात से ही आसपास के जिलों से श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया। कई बसें घाटों के पास खड़ी नजर आईं। बिठूर में आसपास के आश्रम में श्रद्धालुओं के रहने की व्यवस्था की गई। पर्व की पूर्व संध्या पर गंगा घाटों पर मां गंगा की आरती की गई। सरसैया घाट पर रोटरी क्लब ऑफ न्यू कानपुर की ओर से कार्यक्रम आयोजित हुआ।
यहां पर भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे। सबसे पहले क्लब के सदस्यों की ओर से तुलसी पूजन किया गया। इसके बाद मां गंगा की आरती की गई। क्लब की ओर से गंगा में दीपदान भी किया गया।
ये भी पढ़ें- Kartik Purnima 2023: उन्नाव में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी… सुरक्षा की दृष्टि से गोताखोर रहे मौजूद
