रामपुर : छाया कोहरा, शीतलहर चलने से छूटी कंपकंपी...बरतें सावधानियां
मौसम वैज्ञानिक जता रहे तीन से 5 डिग्री तापमान में गिरावट का अंदेशा, सर्दी दूर करने के लिए लोग जगह-जगह जला रहे अलाव, शाम ढले सर्दी बढ़ने से बाजारों में पसर जाता है सन्नाटा
रामपुर,अमृत विचार। मौसम वैज्ञानिक सर्दी बढ़ने का अंदेशा जता रहे हैं अनुमान के मुताबिक तीन से पांच डिग्री तापमान में गिरावट का अंदेशा जता रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक डा. उदय प्रताप शाही ने बताया कि जनवरी माह में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच रहेगा। सुबह से कोहरा छाया रहा और शीत लहर चलने से लोग कंपकंपा गए। प्रशासन द्वारा भीषण सर्दी में भी अलाव नहीं जलवाए जा रहे हैं। रेलगाड़ियां भी कोहरे के कारण निर्धारित समय से कई-कई घंटे विलंब से चल रही हैं।
गलन बढ़ने से लोगों की कंपकपी बंध गई लेकिन प्रशासन ने चिन्हित जगहों पर अलाव के इंतजाम नहीं कराए हैं। न्यूनतम पारा 5 डिग्री तक लुढ़क गया। गलन बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों में भी ठिठुरते रहे। शाम ढले लोग सड़क के किनारे अलाव जलाकर सर्दी से निजात पाने का जतन करते रहे। पूरे दिन कोहरा छाया रहा। पारा लुढ़कने से सर्दी काफी बढ़ गई। लोगों ने सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। देर रात शहर में कई जगह सड़कों के किनारे और चाय के होटलों पर पर लोगों की भीड़ बढ़ गई। शहर के कई चौराहों पर लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से निजात पाने का जतन किया।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. डीके वर्मा ने बताया कि सर्दी का मौसम मधुमेह और दिल के मरीजों के लिए खतरा पैदा कर सकता है मरीजों को एहतियात बरतने की जरूरत है। बताया कि सर्दी के चलते सुबह की सैर पर जाने वाले लोग गर्म कपड़े पहन कर निकलें। डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से ग्रसित मरीजों को इस मौसम में खास ध्यान देना जरूरी होता है। जाड़े में मधुमेह के मरीजों में दिल और मस्तिष्क आघात का खतरा रहता है। जाड़े में रक्तचाप बढ़ना भी आम समस्या है। कृषि वैज्ञानिक डा. लक्ष्मीकांत बताते हैं कि कोहरे से गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा।
सर्दी के मौसम में यह बरतें सावधानियां
- सर्दी के मौसम में कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम से दूर रहें।
- रोजाना भाप लेने के साथ नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करना चाहिए।
- सुबह की सैर के साथ-साथ नियमित योग करना चाहिए।
- अगर सिर दर्द या बुखार महसूस हो तो दवा चिकित्सक की सलाह से ही लें।
- बदलते मौसम में संक्रमण का खतरा रहता है ऐसे में साफ कपड़े पहनना चाहिए।
- पौष्टिक आहार लेना चाहिए, इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। पर्याप्त पानी पीना चाहिए।
हाल-ए-मौसम
- अधिकतम तापमान- 12 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान- 05 डिग्री सेल्सियस
- आद्रता- 75 प्रतिशत
- वायु वेग- 6 किमी. प्रतिघंटा
आने वाले दिनों में घना कोहरा छाया रहेगा इसके साथ ही शीत लहर चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस जबकि, न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस कमी आने का अनुमान है। -डा. उदय प्रताप शाही, कृषि वैज्ञानिक,कृषि विश्वविद्यालय मेरठ
ये भी पढ़ें : Special Story : रामपुर के मुसलमानों ने राम मंदिर निर्माण के लिए बुलंद की थी आवाज
