बरेली: बीजेपी में आए स्मैक तस्कर के दामाद ने कहा- सम्मान के वादे पर आया हूं

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली, अमृत विचार। जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत मोहनपुर के ग्राम प्रधान जाकिर हुसैन का 11 और प्रधानों के साथ भाजपा का दामन थामना सपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

दिलचस्प यह है कि जाकिर हुसैन का ससुर रियासत उर्फ नन्हे लंगड़ा फतेहगंज पश्चिमी के कुख्यात स्मैक तस्कर है जो भाजपा शासन में ही पुलिस के निशाने पर आया था लेकिन अब जाकिर का कहना है कि इज्जत, हक और सही जगह देने का वादा करने के कारण ही वह भाजपा में आए हैं।

जाकिर हुसैन मंगलवार को भाजपा के शुक्रिया मोदी भाईजान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले तक वह इस इलाके में सपा के मजबूत स्तंभ के साथ उसकी सुनिश्चित जीत का पर्याय माने जाते थे।

जाकिर ने भाजपा का दामन थामने की जिले के सपा नेताओं को भनक नहीं लगी। जाकिर के ससुर नन्हे लंगड़ा की गिनती जिले के कुख्यात स्मैक तस्करों में होती है। पिछले साल फतेहगंज पश्चिमी में नन्हे की कोठी को भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत ढहा दिया गया था। काफी समय से नन्हे लंगड़ा जेल में भी बंद है।

जाकिर हुसैन ने अमृत विचार से बातचीत में कहा कि भाजपा में अगर इज्जत, हक और स्थान मिलेगा तो कोई क्यों नहीं जाएगा। भाजपा के नेता उनके घर आकर इज्जत देने की बात कह रहे थे। इसीलिए उन्होंने भाजपा में कोई बुराई नहीं समझी। उन्होंने यह भी कहा कि कोई कुछ भी कहे, वह अपने सास-ससुर से संबंध विच्छेद कर चुके हैं। कई साल पहले ही सास-ससुर के गलत काम की वजह से उन्होंने यह फैसला कर लिया था।

जाकिर भी रहे पुलिस के निशाने पर
नन्हे लंगड़ा का दामाद होने की वजह से जाकिर हुसैन भी काफी समय तक पुलिस के निशाने पर रहे। कई बार उनके खिलाफ जांच-पड़ताल की गई। कई बार उनका फोन भी सर्विलांस पर लगाया गया। यह अलग बात है कि उनके खिलाफ कभी कोई सुबूत नहीं मिला। जाकिर हुसैन भी इस बात को स्वीकार करते हैं। क्या भाजपा में जाने से उनके जेल में बंद ससुर को बाहर आने में मदद मिलेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि वह गलत काम में किसा का साथ नहीं दूंगा।

उधर... चुनाव की तैयारी कर रहे सपा नेता बेखबर
सपा को आने वाले किन चुनौतियों से जूझना पड़ेगा, यह जाकिर हुसैन के भाजपा में जाने के साथ पार्टी के नेतृत्व के इससे बेखबर बने रहने से साफ हो रहा है। बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में मोहनपुर सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है जहां 12 हजार 384 वोटर हैं। 50 फीसदी से ज्यादा वोटिंग मोहनपुर के सरकारी स्कूल में होती है, पुराना मोहनपुर के दो पोलिंग स्टेशनों के आठ बूथ में वोट पड़ते हैं। 

पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के अगम मौर्य को इस इलाके से जाकिर हुसैन ने जिताकर भेजा था। अगम को यहां से 4698 वोट मिले थे, भाजपा के डॉ. राघवेन्द्र शर्मा को 3588 वोट ही मिले थे। हालांकि सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि मोहनपुर के प्रधान सपा छोड़कर भाजपा में चले गए हैं। उनका नाम क्या है, यह भी उन्हें नहीं पता है।

ये भी पढे़ं- बरेली: अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत, तीन दिन घने कोहरे का अलर्ट

 

 

संबंधित समाचार