Kanpur: 21 जनवरी से जेके मंदिर में राम महोत्सव; 300 चित्रकार दर्शाएंगे प्रभु राम का जीवन आदर्श...

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर के जेके मंदिर में 21 जनवरी से राम महोत्सव आयोजित होगा।

कानपुर में श्री राधाकृष्ण टेंपल ट्रस्ट और मर्चेन्ट्स चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से 21 जनवरी से जेके मंदिर में दो दिवसीय राम महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

कानपुर, अमृत विचार। श्री राधाकृष्ण टेंपल ट्रस्ट और मर्चेन्ट्स चैम्बर ऑफ़ उत्तर प्रदेश की ओर से 21 जनवरी से जेके मंदिर में दो दिवसीय राम महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के पहले दिन चित्रकार प्रभु राम के जीवन आदर्श को केंद्रित करते हुए चित्रकारी करेंगे। दूसरे दिन प्रभु राम के जीवन पर आधारिक नाटिका और भजनों का मंचन किया जाएगा। 

यह जानकारी शुक्रवार को श्री राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट की ट्रस्टी वर्षा सिंहानिया व कॉर्पोरेट अफेयर्स वाइस प्रेसिडेंट आशीष चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा  पर जेके मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रमों में राम जानकी कला महोत्सव व रामायण नाट्य प्रस्तुति व भजन संध्या आयोजित होगी। 

कला महोत्सव के लिए लगभग एक हजार आवेदनों में से 3 सौ आवेदनों को चुना गया है। इसी तरह 22 को होने वाले आयोजन में कुशल कलाकार प्रस्तुति देंगे। वार्ता में चैम्बर के सचिव महेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि 21 को कार्यक्रम 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। 22 को शाम 5:30 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 

प्रथम दिवस का कार्यक्रम 

राम जानकी कला महोत्सव में श्री रामायण आधारित चित्रकला समागम होगा। इस कार्यक्रम में तीन सौ कलाकार रामायण या बाल राम रूप या अयोध्या राम मंदिर या दीप प्रज्वलन पर आधारित चित्र बनाएंगे।

दूसरे दिन के आयोजन

दूसरे दिन रामायण नाट्य प्रस्तुति एवं भजन संध्या होगी। इस आयोजन में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में रामायण भजन संध्या, नाट्य प्रस्तुति व महाआरती होगी। 

लाइट व साउंड शो भी होगा

समारोह के दौरान चेन्नई से आए विशेषज्ञों की ओर से लाइट एण्ड साउंड शो भी आयोजित किया जाएगा। पंडित दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से नृत्य प्रस्तुत होगा। मंदिर को 11 हजार दीयों से भी सजाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हैरत: 33 साल से निरंतर प्रज्जवलित है रामलला से आई ज्योति; कई स्थानों पर गई लेकिन इसी मंदिर में हुई स्थापित...जानें..

संबंधित समाचार