पीलीभीत: स्ट्रांग रूम ले जाई गईं EVM और VVPAT, 10 फीसदी रहेंगी रिजर्व...1924 बूथों पर 18.31 लाख मतदाता

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

पीलीभीत, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम एवं वीवीपैट स्ट्रांग रूम ले जाई गई। जहां इन ईवीएम और वीवीपैट को विधानसभावार स्ट्रांगरूम में रखा जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 10 प्रतिशत ईवीएम रिजर्व में रखी जाएगी।

पीलीभीत लोकसभा सीट पर प्रथम चरण में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। लोकसभा चुनाव में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला 19 अप्रैल को होना है। संसदीय क्षेत्र के 1924 बूथों पर 18,31,699 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं निर्वाचन कार्यालय के वेयर हाउस में रखीं ईवीएम एवं वीवीपैट के रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रशासन द्वारा पोलिंग पार्टी रवानगी, मतगणना आदि कार्य नवीन मंडी में कराए जाएंगे। 

इधर शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में वेयर हाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट को नवीन मंडी स्थित स्ट्र्रांग रूम में ले जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु पुनिया की देखरेख में कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों से ईवीएम एवं वीवीपैट को मंडी स्थित स्ट्र्रांग रूम ले जाया गया। जहां इन सभी ईवीएम और वीवीपैट को विधानसभावार स्ट्रांगरूम में रखा जा रहा है। स्ट्रांगरूम में कुल 1914-1914 बैलेट एवं कंट्रोल यूनिट और 2097 वीवीपैट भेजी गई हैं।

विधानसभा वार ईवीएम-वीवीपैट की स्थिति
विधानसभा/ बैलेट यूनिट/ कंट्रोल यूनिट/ वीवीपैट
पीलीभीत/           478/           478/           524
बरखेड़ा/             447/          447/           489
पूरनपुर/             487/          487/            534
बीसलपुर/           502/          502/            550

खराबी आने पर तत्काल बदली जाएगी ईवीएम
ईवीएम के खराब होने पर उसे तत्काल बदला जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से 10 प्रतिशत ईवीएम रिजर्व में रखी जाएगी। यानी मतदान वाले दिन बूथ पर यदि कोई ईवीएम खराब होती है तो उसे तुरंत बदला जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए प्लान तैयार किया है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष व शंतिपूर्ण ढंग से लोकसभा चुनाव संपन्न कराने को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी ईवीएम व वीवीपैट को स्ट्रांगरूम में भिजवाया  गया है। इनकी सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम रहेंगे। - ऋतु पुनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: हत्या के चार आरोपियों को उम्रकैद, 11 साल पहले हुई थी वारदात...FIR कराने वाला ही निकला मास्टरमाइंड

 

संबंधित समाचार