Kanpur: 20 हजार वोटों से मिली BJP प्रत्याशी रमेश अवस्थी को जीत, अंत तक मतगणना स्थल पर डंटे रहे सपा और कांग्रेस कार्यकर्ता
कानपुर, अमृत विचार। संसदीय क्षेत्र कानपुर पर भाजपा ने फिर कब्जा जमाया। पार्टी कड़े मुकाबले में पार्टी उम्मीदवार रमेश अवस्थी ने कांग्रेस- सपा उम्मीदवार आलोक मिश्रा को पटखनी दी। भाजपा उम्मीदवार को 20968 मतों से जीत मिली। परिणाम की घोषणा होते ही इंडिया गठबंधन के खेमे में उदासी का माहौल छा गया।
नौबस्ता नवीन गल्लामंडी में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। इस दौरान कई बार रमेश तो कुछ राउंड में आलोक मिश्रा आगे रहे। 26 राउंड में मतगणना पूरी हुई तो रमेश अवस्थी को 443055 मत मिले, जबकि आलोक मिश्रा के खाते में 422087 वोट आए। इस सीट पर इस बार जीत-हार का अंतर सिर्फ 20,968 रहा। ऐसा कई बार हुआ जब कांग्रेस के कार्यकर्ता बढ़त बनाने पर आलोक मिश्रा के जीतने की उम्मीद में जश्न मनाते दिखे।
लेकिन जब रमेश आगे हुए तो भाजपा के खेमे में खुशी की लहर दौड़ी और कांग्रेस- सपा कार्यकर्ता बेचैन दिखे। अंतिम चरण की मतगणना में स्थितियां स्पष्ट हुईं और रमेश अवस्थी ने 20 हजार 968 वोटों से जीत दर्ज की। इस बार लोकसभा सीट कानपुर में 883279 मतदाताओं ने मताधिकारी का प्रयोग किया था। जिसमें 4117 लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया है। वहीं 552 डाक मतपत्र अवैध पाए गए।
