कासगंज : राज्य महिला आयोग की सदस्या ने 15 प्रकरणों में की जनसुनवाई, तीन प्रकरणों में हुआ निस्तारण
आंगनबाड़ी केन्द्र और जेल कारागार का किया निरीक्षण, बंदियों से मिलकर परखी व्यवस्थाए
कासगंज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा महिला जनसुनवाई शुक्रवार को सदर तहसील में राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ की अध्यक्षता में संपंन हुई। जनसुनवाई के दौरान कुल 15 प्रकरण प्राप्त हुए, जो महिला अपराध, शोषण, दहेज उत्पीड़न, प्रॉपर्टी विवाद, घरेलू हिंसा और बलात्कार से संबंधित थे, तीन प्रकरणों में मौके पर ही सुलह समझौता हो गया। बाद में उन्होंने आंगनबाडी केंद्र और जेल कारागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। महिला बंदियों से बातचीत कर उनका हाल जाना।
राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड ने पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि राशन कार्ड बनाने, बच्चों की शिक्षा, न्याय और रोजगार में उनकी पूरी सहायता की जाए। इसके साथ ही, राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से महिलाओं को प्राथमिकता पर जोड़ने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। जनसुनवाई के बाद, सदस्या ने आंगनबाड़ी केन्द्र और जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस जनसुनवाई के माध्यम से महिला आयोग ने यह सुनिश्चित किया कि महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए। जिला कारागार में महिला बंदियों से कहा कि आप लोग सिलाई, कड़ाई, बुनाई सीखे। इस मौके पर उन्होंने पॉच बच्चों को उपहार भेंट किये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनोद जोशी, तहसीलदार सदर, सीओ सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - कासगंज : चीनी, मिट्टी का तेल बंद कर, गल्ले से गुजारा करा रही सरकार- विक्रम यादव
