लखीमपुर खीरी: पिकअप की टक्कर से श्रमिक की मौत, FIR
गोला गोकर्णनाथ, अमृत विचार। पिकअप की टक्कर से शुक्रवार की रात घायल हुए श्रमिक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रमुआपुर निवासी महेशप्रसाद पुत्र रामऔतार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनका पुत्र रामसरन कस्बे में ही विनीत पांडेय की गुड़बेल पर काम करता था। 14 फरवरी की रात आठ बजे घर आ रहा था। माहेश्वरी राइस मिल के पहले धर्मकांटा के पास गोला की तरफ से अलीगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी जिससे रामसरन गंभीर घायल हो गया।
परिवार वाले उसे सीएचसी गोला लाए जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में दो घंटे चले इलाज के बाद जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिवार वाले लखनऊ दुबग्गा के निकट नोबेल हास्पिटल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: फरधान आरओबी...18 दिन और रात भी पड़े कम, 25 फरवरी तक बंद रहेगा आवागमन
