संभल : दूल्हा-दुल्हन पक्ष में जमकर मारपीट, पुलिस पर भी पथराव
दो दरोगाओं समेत 4 पुलिस कर्मी घायल, बरात चढ़त के दौरान मामूली बात पर बरातियों-घरातियों में हुआ विवाद
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र में बरात चढ़त के दौरान मामूली बात पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष में जमकर मारपीट हुई। पुलिस पर भी पथराव किया गया। दो दरोगाओं सहित चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। तीन थानों की पुलिस ने हालात संभाले। पुलिस ने 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर महिला सहित 22 लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर लिया। बवाल के दौरान दूल्हा भी बग्गी से कूदकर भाग गया। शादी की रस्में नहीं होने पर दुल्हन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
धनारी थाना क्षेत्र के गांव डरौली निवासी जसवंत की बेटी मंजू की शादी रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव हरदासपुर निवासी अंकित पुत्र सोपाली के साथ तय हुई थी। सोमवार को रात करीब 9 बजे बारात गांव डरौली में पहुंची। देर रात बारात चढ़त शुरू हो गई। डीजे पर डांस करने के दौरान दूल्हा पक्ष के व्यक्ति का पैर कीचड़ में चला गया। इस दौरान कीचड़ दुल्हन पक्ष के व्यक्ति पर गिर गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों की ओर से मारपीट और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इतना ही नहीं, पथराव भी किया जाने लगा।
सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालात संभालने का प्रयास किया तो पुलिस पर भी पथराव कर दिया। दरोगा अंकित कुमार, वसंत यादव, सिपाही पवन ढाका और अजय सिरोही घायल हो गए। बवाल बढ़ने पर गुन्नौर और रजपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात संभाले। घायल दरोगाओं और सिपाहियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इस मामले में दरोगा अंकित कुमार ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले में 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिनमें 22 नामजद और 18 अज्ञात हैं। महिला सहित 22 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चालान कर किया गया है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि दो पुलिस कर्मी शराब के नशे में थे। उन्होंने आते ही बेल्ट और लाठियों से ग्रामीणों से मारपीट शुरू कर दी जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए।
दूल्हा बग्गी से कूदकर भागा, नहीं हो सकी शादी की रस्में
दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों में जब मारपीट शुरू हुई तो दूल्हा घबरा गया। पुलिस के पहुंचने पर पथराव कर दिया गया। इस बीच दूल्हा बग्गी से कूदकर भाग गया। हालांकि पुलिस ने बवाल को शांत करा दिया लेकिन शादी की रस्में नहीं हो सकी। शादी नहीं होने पर दुल्हन मंजू के हाथों पर मेहंदी रची रह गई। वह फूट फूट कर रोती रही।

22 आरोपी किए गिरफ्तार
पुलिस ने इंद्रजीत निवासी गांव डरौली, अमित निवासी गांव खेपड़ी थाना आदमपुर, भूरी निवासी गांव डरौली, पवन निवासी मनोना धाम आंवला बरेली, बालेश निवासी गांव खड़पड़ी थाना आदमपुर, प्रशांत भारती निवासी गांव केशवपुर थाना रजपुरा, जमुना निवासी गांव गोधनपुर थाना रजपुरा, जयवीर निवासी गांव मोहब्बतपुर थाना रजपुरा, विजेंद्र निवासी गांव बिसौली बदायूं, शिशुपाल निवासी गांव उदरनपुर थाना रजपुरा, सतीश निवासी सरथल थाना जरगांव, बिट्टू सिंह निवासी गांव फत्तेहपुर थाना संभल, नन्हें निवासी बिसौली थाना बिसौली, सुनील निवासी अडूपुरा थाना बिसौली, चंद्रपाल, उमेश, राजेश, चमन, नेम सिंह, अनेक सिंह हरवीर निवासीडरौली, विनोद निवासी गांव बाघऊ थाना गुन्नौर को गिरफ्तार करते हुए चालान कर दिया। रिपोर्ट में इन्हें नामजद किया गया है जबकि 18 अज्ञात हैं। जिन्हें चिह्नित करने का काम पुलिस ने शुरू कर दिया है।
एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात
धनारी थाना क्षेत्र के गांव डरौली में सोमवार को देर रात हुए बवाल को लेकर तीन थानों की पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले। पहले घरातियों और बारातियों में मारपीट और फिर पुलिस पर पथराव किए जाने की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों के निर्देश दिए पर डरौली गांव में दो दर्जन पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। पुलिस कर्मी हरेक गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारी भी हालात की जानकारी ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें - संभल : सर्राफ से लूट में बांछित बदमाश को मुठभेड़ में दबोचा
