पति की संदिग्ध मौत, सास की हत्या, अवैध संबंध और संपत्ति का लालच, पूजा जाटव की हैरान कर देने वाली कहानी
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में 29 वर्षीय पूजा जाटव की कहानी ने सबको हैरान कर दिया है। पूजा जाटव पर अपनी 55 वर्षीय सास सुशीला देवी की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है। हत्या का यह मामला पुलिस की शुरुआती जांच में डकैती जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन जैसे ही मामला आगे बढ़ा पुलिस जांच में हत्या, साजिश और अवैध संबंधों के कई राज खुलकर सामने आ गये।
पूजा ने सास की हत्या की साजिश अपनी बहन कमला और प्रेमी अनिल वर्मा के साथ मिलकर रची। बताया जा रहा है कि 24 जून को सुशीला की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का मकसद था ससुराल की 18 बीघा जमीन, जिसके बंटवारे में सुशीला बाधा बन रही थी। पूजा की हिस्ट्री चौंकाने वाली है। आरोप है कि उसने पहले अपने पति पर गोली चलवाई, फिर जेठ और देवर के साथ लिव-इन रिलेशन में रही। यह घटना संपत्ति विवाद और आपराधिक साजिश का गंभीर उदाहरण है।
पुलिस जांच में सच्चाई आयी सामने
24 जून को पुलिस को सूचना मिली कि टहरौली थाना क्षेत्र में सुशीला देवी नाम की महिला की उसके ही घर में हत्या हो गई है, मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरूआती जांच में पाया कि किसी गिरोह ने डैकती की घटना को अंजाम दिया और बाधा बनने पर महिला की हत्या कर दी, लेकिन महिला के अंतिम संस्कार से पहले उसकी बहू पूजा जाटव अचानक वहां से भाग निकली। पुलिस ने जब जानकारी की तब संपत्ति विवाद की बात निकलकर सामने आई और पूरा मामला आईने की तरह साफ हो गया।
इसके बाद पुलिस ने पूजा को ढूंढ़ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की सख्ती के आगे पूजा टूट गई। पूजा ने बताया कि उसकी पहली शादी ग्वालियर के एक युवक से हुई थी, लेकिन पहले पति से उसका विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते पूजा का कोर्ट आना जाना था, जहां पर कल्याण नाम के युवक से उसकी मुलाकात हुई और बाद मे शादी हो गई।
बताया जा रहा है कि बाद में कल्याण की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद पूजा की अपने जेठ और देवर से संबंध बन गये। यही बात सास को पसंद नहीं थी। जब पूजा ने संपत्ति में अपना हिस्सा मांगा तो सास ने मना कर दिया। जिसके बाद पूजा ने अपनी सास को ही रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार
इस घटना में शामिल अनिल नाम के आरोपित को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछली 24 जून को टहरौली थाना क्षेत्र के कुम्हरिया गांव में सुशीला देवी (55) नामक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थी।
उन्होंने बताया कि उसके पति अजय सिंह की शिकायत पर शुरुआती जांच में डकैती का मामला सामने आया था और पता लगा कि सुशीला की उसके घर में गला घोंटकर हत्या की गई है और अपराध को डकैती का रूप देने के लिए कई लाख रुपये के जेवर लूट लिए गए। एसपी के मुताबिक, पुलिस ने जल्द ही खुलासा कर दिया कि हत्या की साजिश उसकी बहू पूजा ने रची थी क्योंकि वह कथित तौर पर अपनी सास की संपत्ति हड़पना चाहती थी। उन्होंने बताया कि पूजा की बहन कमला भी अपराध की साजिश रचने में शामिल थी। उन्होंने बताया, "पुलिस ने दोनों महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और मंगलवार देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पूजा के कथित प्रेमी और मुख्य आरोपी अनिल वर्मा को घुर्रारिया तिराहा के पास उस समय रोक लिया, जब वह चोरी का सोना बेचने जा रहा था।"
एसपी ने बताया, "इस दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से अनिल घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से आठ लाख रुपये के आभूषण बरामद किए।" उन्होंने बताया कि घायल आरोपित का पुलिस हिरासत में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही जारी है।
यह भी पढ़ें : निजीकरण का विरोध : देश भर में बिजली कर्मियों ने किया प्रदर्शन
