मानसून : यूपी में टुकड़ों में हो रही बारिश, एनसीआर समेत पूरे उप्र. को झमाझम बारिश का इंतजार
लखनऊ, अमृत विचार: मानसून के बावजूद झमाझम बारिश से अभी उत्तर प्रदेश अछूता है। टुकड़ों में हो रही बारिश के कारण बरसात का आनंद उठने वाले निराश हैं। वहीं, इस मौसम में चटक धूप के चलते किसान भी हताश हैं। हालांकि मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश व कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
दरअसल, अषाढ़ और सावन का महीना बारिश के लिए जाना जाता है। जबकि इस महीने में सूखे जैसी स्थित बनी हुई है। बारिश के दिनों में रोज निकल रही चटख धूप किसानों को निराश कर रही है। मानसून आए लगभग 20 दिन से अधिक समय बीत गया है, लेकिन सौ मिमी औसत बरिश नहीं हुई है। अब किसान धान की फसलों को बचाने के लिए सिंचाई शुरु कर दी है।
वहीं, बीते 24 घंटों की बात की जाए तो इस दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में सामान्य रहा। पूर्वी, पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा पड़ी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 9.7 के सापेक्ष 4.9 मिमी रिकॉर्ड की गई, जो कि सामान्य से 49 प्रतिशत कम है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 7.7 के सापेक्ष 2.3 मिमी रिकॉर्ड की गई, जो कि सामान्य से 71 प्रतिशत कम है।
फिलहाल मौसम विभाग ने ताजा जानकारी साझा की कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। आने वाले पांच दिनो में मानसूनी बारिश का सिलसिला रहेगा। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
आज 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
सोमवार को पूर्वी उप्र. के ज्यादातर हिस्सों में धूप और उमस ने जहां लोगों को परेशान किया वहीं, पश्चिम उप्र. में कुछ स्थानों पर मानसून की सक्रियता दिखाई दी। इस कड़ी में अलीगढ़ में प्रदेश में सर्वाधिक 117 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मुरादाबाद में 106 मिमी, संभल में 95 मिमी और रामपुर में 83 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार के लिए पश्चिम और तराई के 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। साथ ही 52 जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें:- प्रयागराज : सेवानिवृत्त सूचना सेवा अधिकारी को पत्नी की हत्या मामले में दी जमानत
