लखीमपुर : पोते ने पेंशन के रुपये के लिए दादी की पीटकर की हत्या
हैवानियत की भी हदें की पार, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
निघासन, अमृत विचार: क्षेत्र के गांव दुबहा में शराब के नशे में पेंशन के रुपये छीनने की नीयत से पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आरोपी पोते पप्पू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव दुबहा निवासी दयाशंकर अपनी मां जानकी का इकलौता बेटा है। दयाशंकर के तीन पुत्र शिवकुमार, पप्पू और नीरज हैं। दयाशंकर अपने बेटे शिवकुमार और नीरज के साथ परिवार समेत उत्तराखंड में रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर उसका मंझिला बेटा पप्पू अपनी पत्नी और दादी के साथ रहता है। दयाशंकर ने बताया कि उसके मंझले बेटे पप्पू ने फोन किया कि शौचालय में फिसलकर 65 वर्षीय दादी जानकी की मौत हो गई है। वह लोग अगले दिन घर आए। वहां पर जानकी का शव पड़ा था।
दयाशंकर के बड़े बेटे शिवकुमार और उनकी पत्नी ने बताया कि मां जानकी की लाठियों से पीटकर हत्या की गई है। उसके प्राइवेट पार्ट में भी चोट पहुंचाई गई है। पूरा परिवार बाहर मजदूरी करने जाता है। आरोपी की पत्नी कामिनी ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में उसे पीट रहा था। उसकी दादी बचाने के लिए आई और लाठी लगने से वह घायल हो गईं थी। बाद में उनकी मौत हो गई। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पोते की पिटाई से मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पूछताछ के लिए आरोपी पप्पू को हिरासत में लिया गया है। -महेश चंद्र प्रभारी निरीक्षक निघासन।
