वाल्मीकि सद्भावना मेला : सुनील पाल, मुकेश जे भारती और मंजू भारती ने स्टार नाइट में बांधा समा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 45वें वाल्मीकि सद्भावना मेले में मंगलवार को दूसरे दिन स्टार नाइट आकर्षण का केंद्र रही। मेले में दिनभर बालक-बालिकाओं की कविता, निबंध और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। वहीं शाम को रामायण पाठ, हवन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

mukesh

दूसरे दिन मेले का उद्घाटन सांसद छत्रपाल गंगवार और वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मेयर डॉ. उमेश गौतम और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल उपस्थित रहे। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और सद्भाव का प्रतीक हैं। बरेली का वाल्मीकि सद्भावना मेला पूरे प्रदेश में सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देता है। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि वाल्मीकि समाज ने सदैव समाज को दिशा दी है। बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. केशव अग्रवाल को सम्मानित किया गया।

dr keshav

वाल्मीकि रामायण आज भी स्वस्थ परिवार और आदर्श समाज की प्रेरणा देती है। विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाल्मीकि प्राकट्योत्सव पर शासकीय अवकाश की घोषणा समाज के सम्मान का प्रतीक है। वाल्मीकि के बिना न राम होते, न उनके आदर्श। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ व विश्वस्तरीय बनाने में वाल्मीकि समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मेला सामाजिक सद्भाव का अनूठा उदाहरण है। शाम की स्टार नाइट में कॉमेडी सर्कस फेम हास्य कलाकार सुनील पाल ने अपने प्रसिद्ध किरदार रतन नूरा के जरिए दर्शकों को ठहाकों से लोटपोट कर दिया। अपने व्यंग्यात्मक अंदाज में उन्होंने समाज को संदेश भी दिए।

suneel

वहीं बॉलीवुड अभिनेता मुकेश जे भारती ने बरेली शहर से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया और निर्माता मंजू भारती ने अपनी आगामी फिल्मों की जानकारी दी और गीतों पर नृत्य कर दर्शकों की सराहना बटोरी। दिल्ली से आए डांस ग्रुप ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से मेले की रौनक बढ़ाई। मेला समिति के मनोज थपलियाल, दक्ष शर्मा पाराशर, राजेंद्र गुप्ता, आकाश पुष्कर, योगेश बंटी, बंटी सिंह, कवल विग, अनिल नायर, विक्रम सिंह, रूपेश थपलियाल, राकेश थपलियाल आदि आयोजन में प्रमुख रूप से सक्रिय रहे। मीडिया प्रभारी विकास महर्षि ने बताया कि बुधवार को अंतिम दिन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और रामायण पाठ के साथ विश्व कल्याण की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

संबंधित समाचार