उत्तर प्रदेश से विदा हो जाएगा मानसून... फिलहाल बारिश की संभावना नहीं, पछुआ हवाओं से सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। पूरे उत्तर प्रदेश से केवल 48 घंटों में मानसून विदा हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अधिकांश भाग छोड़ दिया है और पूर्वी उत्तर प्रदेश से भी वापसी की राह पकड़ ली है। इस बीच फिलहाल बारिश की संभावना नहीं हालांकि, पछुआ हवाओं के कारण सुबह-शाम की ठंड बढ़ जाएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वांचल के दक्षिणी-पूर्वी भाग को छोड़कर, राज्य के अधिकांश हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून विदा हो गया है। जो हिस्से बचे हैं वहां से भी अगले 48 घंटों के दौरान मानसून के वापस लौटने के लिए परिस्थितियां बनीं हुईं हैं।

हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून 26 सितंबर के आसपास लौट गया था, लेकिन बाद में हल्की-फुल्की बारिश हुई वह अब थम चुकी है। फिलहाल शुष्क पछुआ और उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इन शुष्क हवाओं के प्रभाव को ही मौसम विभाग मानसून के पूरी तरह वापसी का संकेत मान रहा है।

वहीं, जिन जिलों से अभी मानसून की वापसी बाकी है, उनमें मुख्य रूप से पूर्वांचल के दक्षिणी-पूर्वी भाग जैसे बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र और मिर्जापुर शामिल हैं। ताजा पूर्वानुमान यह है कि मानसून की विदाई के बाद राज्य में मौसम आगामी कुछ दिनों तक शुष्क (साफ) बना रहेगा। ऐसे में ज्यादातर स्थानों पर तापमान सामान्य या सामान्य से कम बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

ये भी पढ़े : ग्लोबल वाइल्डलाइफ फेयर की शुरुआत, यूपी के स्थलों ने किया आकर्षित

 

संबंधित समाचार