हिन्दुस्तान हस्तशिल्प महोत्सवः मॉडलों ने किया कैटवॉक, कथक में थिरके कदम
लखनऊ, अमृत विचार: हिन्दुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव में सोमवार को जहां मॉडलों ने कैटवाक किया, वहीं कथक नृत्यांगनाओं की प्रस्तुति पर दर्शकों के कदम भी थिरके और ब्रज के भजनों पर मन का मयूर नाचने लगा। नवी अकादमी के विद्यार्थियों ने भी संगीत और नृत्य का प्रदर्शन किया।
आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में मां गायत्री जनसेवा संस्थान और नीशू वेल्फेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित महोत्सव में सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत पार्षद कल्पना वर्मा, आयोजक अरुण प्रताप सिंह, गुंजन वर्मा, रनवीर सिंह एवं हेमू चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। नवी अकादमी की निदेशक शिल्पा सिंह और बालमन एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में बच्चों ने प्रदर्शन किया। शिल्पा सिंह, प्रदीप कुमार सिंह एवं सैयद मोहम्मद सुहेल ने बताया कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्त कौशल, व्यक्तित्व विकास सुदृढ़ होता है।
ब्रज भजे भजन... गीत पर जयश्री, मीठी यादव, विहाना राय, संगवी सिंह, आराध्या पांडेय ने कथक नृत्य किया। वेदिका राय ने झांसी की रानी गाने पर नृत्य की प्रस्तुति दी। शनाया सिंह, आराध्या पांडेय की जुगलबंदी ने चार चांद लगाए। नीलांशी अस्थाना, निहारिका, अंजलि, नंदनी, भावना, रोली सिंह चौहान, रुचि गौरी, अर्चना, सरिता रावत ने मॉडलिंग की। ग्रुप डांस चक चक... पर स्वाति रावत, अनिका प्रधान, अक्षित सिंह, नैना वर्मा, पार्थ चौहान, रागिनी कुमारी ने मन मोहा।
स्वर धारा म्यूजिक एंड डांस अकादमी द्वारा फ्यूजन नृत्य, वेदांशी, समृद्धि, जयश्री, अनुश्री, अविका ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सूचना विभाग से लोक गायिका दीपिका मिश्रा ने जगदम्बा घर में दिआना बार आई हो..., हिन्दुस्तान महोत्सव धुमायो राजा जी..., पटना से बैदा बोलाई दा... की सुंदर प्रस्तुति दी। इस दौरान महोत्सव समिति की मोनालिसा, रोली जयसवाल, मनोज सिंह चौहान, रोली सिंह व विवेक मौजूद रहे।
