माघ मेला 2026 में स्टार्स की बौछार: मालिनी अवस्थी, अनूप जलोटा और कबीर कैफे की होंगे भक्ति भरी प्रस्तुतियां, प्रयागराज बनेगा संस्कृति का जीवंत संगम
लखनऊ, अमृत विचार : प्रयागराज की त्रिवेणी भूमि पर 3 जनवरी से शुरू माघ मेला-2026 में संस्कृति विभाग, उप्र. अंतर्गत संस्कृति निदेशालय की स्वायत्तशासी संस्थाओं की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का सजीव संगम प्रस्तुत करेगा।
यह जानकारी शनिवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। पर्यटन मंत्री ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा चयनित ख्यातिलब्ध कलाकारों की सहभागिता से शास्त्रीय संगीत, वाद्य संगीत, शास्त्रीय नृत्य, लोकनृत्य, भजन, कबीर वाणी, सुंदरकांड, शंख वादन, देशभक्ति एवं उप-शास्त्रीय प्रस्तुतियां होंगी। लोक, भक्ति और शास्त्रीय संगीत की विविध विधाएं श्रद्धालुओं और कला-प्रेमियों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेंगी। उन्होंने बताया कि माघ मेला के दौरान लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भजन सम्राट अनूप जलोटा, कबीर कैफे, ममता जोशी, मैहर बैंड सहित अनेक प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं। विभिन्न पर्वों के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।
