बिजनौर : जिले के 10 ब्लाक प्रमुख पदों पर भाजपा का कब्जा, एक निर्दलीय की जीत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बिजनौर,अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा के हाथ मिली करारी हार के बाद सपा गठबंधन अभी संभल भी नहीं पाया था कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने भगवा झंडा लहरा दिया। जिले की 10 ब्लॉक प्रमुख की सीटों पर भाजपा का कब्जा हो गया है। जबकि एक सीट …

बिजनौर,अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा के हाथ मिली करारी हार के बाद सपा गठबंधन अभी संभल भी नहीं पाया था कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने भगवा झंडा लहरा दिया। जिले की 10 ब्लॉक प्रमुख की सीटों पर भाजपा का कब्जा हो गया है। जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सपा रालोद, आजाद समाज पार्टी व भाकियू ने मिलकर भाजपा का पूरी तरह सफाया कर दिया था। किंतु जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ने अपनी रणनीति के बल पर विपक्ष को करारी शिकस्त देकर एक बार फिर पार्टी प्रत्याशी सकेन्द्र प्रताप चौधरी को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवा दिया।

सत्ता पक्ष के हाथों मिली करारी हार के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा से बदला लेने के लिए जुट हुए विपक्ष को सत्ता पक्ष की ओर से झटके पर झटके मिलते रहे। जिले के कई ब्लाक क्षेत्रों में विपक्षी प्रत्याशी भाजपा के सामने नामांकन तक नहीं करा पाए। जिसके चलते जिले के 11 ब्लॉक क्षेत्रों में से 6 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

शुक्रवार को कोतवाली ब्लॉक से दावेदार पंकज अग्रवाल की पत्नी राखी अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी के मुकाबले अपना नामांकन वापस ले लिया। जिसके बाद इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया। शनिवार को जिले के 5 ब्लॉक क्षेत्रों किरतपुर, जलीलपुर ,अफजलगढ़ ,धामपुर ,नजीबाबाद में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया। जहां आमने-सामने का मुकाबला देखने को मिला।

चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रुप से संपन्न कराने के लिए ड्रोन से निगरानी की गई। इस दौरान जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा व पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह सहित आला अधिकारियों से मतदान केंद्रों का दौरा कर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों कर्मचारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए। दोपहर तीन बजे तक हुए मतदान के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू कराई गई।

मतगणना के दौरान किरतपुर से भाजपा प्रत्याशी अंकित चौधरी 53 वोट पाकर ब्लाक प्रमुख निर्वाचित घोषित किए गए। जबकि सपा गठबंधन के प्रत्याशी हिमाचल कुमार को 34 वोट हासिल हुए। नजीबाबाद ब्लाक प्रमुख सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी तपराज सिंह 95 वोट पाकर चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार को 15 वोटों से हराया। भाजपा प्रत्याशी को 80 वोट ही हासिल हो पाए।

अफजलगढ़ ब्लाक प्रमुख सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार उर्फ बबली ने 69 वोट पाकर जीत दर्ज कराई। उन्होंने सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी शैलेंद्र चौहान को 28 मतों से हराया। चुनाव में शैलेंद्र चौहान को 41 वोट मिले, जबकि 9 वोट निरस्त कर दिए गए। धामपुर से भाजपा प्रत्याशी क्षमा हेमलता चौहान 9 वोट से चुनाव जीत गई है। चुनाव में हेमलता चौहान को जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कुसुम रघुवंशी को 56 वोट मिले।

जलीलपुर ब्लाक प्रमुख सीट पर भाजपा प्रत्याशी कुंतेश देवी विजयी हुई। उन्होंने रवि धारीवाल को चुनाव में करारी शिकस्त दी। इस तरह ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने सपा रालोद गठबंधन का सूपड़ा पूरी तरह साफ कर दिया है। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का सपना देख रही सपा गठबंधन को जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी करारा झटका लगा है।

अंकित चौधरी बने किरतपुर के ब्लाक प्रमुख
किरतपुर। शुक्रवार को हुई मतगणना में अंकित चौधरी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 19 वोटों से हराकर ब्लॉक प्रमुख की सीट अपने नाम कर ली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डबकरा हॉल में बीडीसी सदस्यों ने शनिवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये थे।

पार्टी समर्थित बीडीसी सदस्यों के साथ वोट डालने का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया था। सुबह 11:00 बजे भाजपा समर्थित ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी देवेन्द्र चौधरी, गैस वालों के पुत्र अंकित कुमार अपने 53 बीडीसी सदस्यों के साथ डबकरा हॉल पहुंचे। जहां पर लेखपाल सुभाष कुमार ने सभी के प्रमाण पत्र चेक किए। प्रमाण पत्र सही होने पर वोट डालने की अनुमति दी गई। वहीं 12:30 बजे तक अंकित चौधरी काो बीडीसी सदस्यों ने अपने मतधिकार का प्रयोग किया।

उसके पश्चात 1:00 बजे दूसरे ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी हिमालय सिंह ने अपने बीडीसी समर्थित सदस्यों के साथ अपने वोट डालें। 3:00 बजे के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। जिसमें अंकित चौधरी को 53 वोट पड़े एवं हिमालय सिंह को 34 वोट पड़े। किरतपुर ब्लॉक में कुल 88 बीडीसी सदस्य हैं। जिसमें 87 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अंकित चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी हिमालय सिंह को 19 वोटों हराया। जीत का पता चलते ही देवेंद्र चौधरी एवं उनके पुत्र अंकित चौधरी को लोगों ने फूल-मालाओं से लाद दिया।

प्रदीप कुमार उर्फ बबली दूसरी बार बने ब्लाक प्रमुख
अफजलगढ़। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा समर्थित प्रदीप कुमार उर्फ बबली दूसरी बार ब्लाक प्रमुख बने। उन्हें 69 मत मिले। वहीं सपा समर्थित उम्मीदवार शैलेन्द्र चौहान को 41 मत मिले। 28 मतों से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार उर्फ बबली ने विजय प्राप्त की। जबकि 9 मत निरस्त पाये गये।

शनिवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ब्लाक प्रमुख का चुनाव संपन्न कराया गया। नामजदगी के दौरान कई स्थानों पर उम्मीदवारों के साथ मारपीट व पर्चा फाड़े जाने की घटनाओं के होने के बाद प्रशासन ने शख्ती बढ़ा दी। निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सुबह से ही पुलिस कप्तान, उपजिलाधिकारी धामपुर, तहसीलदार खंड विकास कार्यालय कासमपुर गढ़ी पर मौजूद रहे। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया ने पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए।

अल्हैपुर की सीट पर हेमलता चौहान का कब्जा
धामपुर । भाजपा समर्थित क्षमा हेमलता चौहान ने 9 वोटों से जीत हासिल कर अल्हैपुर ब्लॉक की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। उनके विजय होने की खबर लगते ही भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और ढोल नगाड़े बजाकर कार्यकर्तओं ने भव्य स्वागत किया। वहीं ब्लाक प्रमुख पति नीरज प्रताप को कंधे पर बैठाकर खुशी का इजहार किया।

नीरज प्रताप ने बताया कि यह जीत भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जीत है। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता प्रियंका राणा, नगर पालिका अध्यक्ष राजू गुप्ता, सुभाष चौहान, नगर अध्यक्ष राघव शरण गोयल, डॉक्टर एनपी सिंह, मनोज चौहान, राकेश चौधरी, भूपेंद्र सैनी ,पुरुषोत्तम अग्रवाल, नितिन अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

जलालीपुर की ब्लाक प्रमुख बनीं कंतेश देवी
चांदपुर। जलीलपुर ब्लॉक प्रमुख के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कुंतेश देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी रीना धारीवाल को 8 मतों से शिकस्त देकर ब्लॉक प्रमुख की सीट पर कब्जा जमा लिया। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

शनिवार को जलीलपुर ब्लॉक प्रमुख के लिए भारतीय जनता पार्टी से कुंतेश देवी तथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रीना धारीवाल चुनाव मैदान में डटी थीं। निर्धारित समय से शुरु हुए मतदान में प्रशासन द्वारा पहले भाजपा प्रत्याशी समर्थक मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी समर्थक मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाले। मतदान शत प्रतिशत रहा।

समय से मतदान पूरा होने के उपरांत 3 बजे ब्लॉक कार्यालय में ही मतगणना कराई गई। भाजपा प्रत्याशी कुंतेश देश देवी को 68 तथा निर्दलीय प्रत्याशी रीना देवी के पक्ष में 61 वोट पड़े। मतगणना के तुरंत बाद ही कुंतेश देवी को 8 मतों से विजयी घोषित किया गया। चुनाव परिणाम का ऐलान होते ही विजयी प्रत्याशी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख के पुत्र कपिल चौधरी को उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से लादकर जीत का जश्न मनाया।

तपराज सिंह बने नजीबाबाद के ब्लाक प्रमुख
नजीबाबाद। ब्लाक प्रमुख चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गया। बीजेपी प्रत्याशी अवधेश कुमार को निर्दलीय तपराज ने 15 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। शनिवार को सुबह 10 बजे मतगणना शुरू हुई। उप जिलाधिकारी परमानंद झा व क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे।

मतगणना स्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी तक बेरिकेट व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और ड्रोन की निगरानी में सुरक्षा चाक चौबंद रही। भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार के सदस्यों ने पहले वोट डाले। वहीं एक बजे के बाद निर्दलीय तपराज सिंह के सदस्यों ने वोट डाले। तपराज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अवधेश कुमार को 15 वोटों से हराया कर ब्लाक प्रमुख बने गये।

संबंधित समाचार