हमीरपुर में भावर के समय गायब हुआ दूल्हा, बैरंग लौटी बारात

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में गुरुवार भोर भावर के समय दूल्हा अचानक गायब होने से बारात बैरंग लौट गयी। पुलिस ने दूल्हे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक चित्रकूट शहर से नीरज की बारात बुधवार रात मौदहा क्षेत्र के इचौली गांव आयी थी। सारे कार्यक्रम संपन्न होने के बाद आज सुबह भांवरों के लिये वर को बुलाया गया मगर दूल्हा अचानक गायब हो गया।
 
जानकारी होने पर बारात में अफरा तफरी मच गयी। बाद में दूल्हे के फोन को सर्विलांस पर लगाया गया जिसका लोकेशन मौदहा के कुछ दूरी पर मिला मगर इसके बाद मोबाइल स्विच आफ हो गया। किसी अनहोनी को लेकर बारात में आयी बाराती एक एक कर खिसक लिये। बाद में लड़की पक्ष ने जाकर थाने में अपनी पीड़ा बतायी। पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
 

संबंधित समाचार